Moradabad: क्रिसमस के लिए सजे बाजार में रौनक, खरीदारी और बुकिंग में तेजी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। शहर में क्रिसमस पर्व को लेकर उत्साह चरम पर है। जैसे-जैसे 25 दिसंबर नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे बाजारों में रौनक बढ़ती जा रही है। ताड़ीखाना, गंज, गुरुहटी, जीएमडी रोड, टाउन हॉल, बुधबाजार, मंडी चौक सहित शहर के प्रमुख बाजारों में क्रिसमस से जुड़ी सामग्री की दुकानों पर भीड़ उमड़ रही है। जिससे दुकानदार भी उत्साहित हैं।

हर उम्र के लोग अपनी पसंद के अनुसार क्रिसमस ट्री, सेंटा क्लाज की यूनिफॉर्म, रंग-बिरंगी झालरें, लाइट्स, सजावटी फूल, सीनरी और अन्य सजावटी सामान की खरीदारी कर रहे हैं। दुकानदारों के अनुसार इस बार पिछले साल की तुलना में मांग बेहतर है। छोटे से बड़े आकार के क्रिसमस ट्री उपलब्ध हैं, जिनकी कीमतें भी ग्राहकों के बजट के अनुसार रखी गई हैं। वहीं, बच्चों में सेंटा क्लाज की ड्रेस और टोपी को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। रंगीन लाइट्स और चमकदार झालरों की मांग भी अधिक है, जिन्हें घरों, चर्चों और प्रतिष्ठानों में सजावट के लिए खरीदा जा रहा है। केक, चॉकलेट और गिफ्ट आइटम की दुकानों पर भी चहल-पहल है।

क्रिसमस डे के जश्न को लेकर बैंक्वेट हॉल, होटल और रेस्टोरेंट में भी बुकिंग का दौर चल रहा है। कई होटल और रेस्टोरेंट ने क्रिसमस स्पेशल मेन्यू और सजावट की तैयारियां शुरू कर दी हैं। परिवारों के साथ-साथ युवा वर्ग भी क्रिसमस पार्टी और गेट-टुगेदर के लिए स्थान पहले से बुक करा रहा है। गुरहट्टी पर व्यापारी दानिश ने बताया कि क्रिसमस न केवल ईसाई समुदाय का प्रमुख पर्व है, बल्कि अब यह सभी वर्गों के लिए खुशियों और आपसी सौहार्द का प्रतीक बन गया है। शहर के बाजारों में दिख रही चहल-पहल और रंगीन सजावट इस बात का प्रमाण है कि लोग पूरे उत्साह और उमंग के साथ क्रिसमस के स्वागत की तैयारी कर रहे हैं।

केक की एडवांस बुकिंग शुरू
बेकरी संचालक शोभित बंसल का कहना है कि क्रिसमस के लिए विशेष प्लम केक, चॉकलेट केक और कपकेक की एडवांस बुकिंग शुरू हो चुकी है। लोग अपने परिवार और मित्रों के साथ पर्व मनाने की तैयारियों में जुटे हैं।

 

संबंधित समाचार