अमरोहा : बुजुर्ग की मौत पर बंदर का मातम करते वीडियो वायरल
काफी समय से बंदर को खाना खिला रहा था जोया का बुजुर्ग, परिवार के साथ शव से लिपटकर रो रहा बंदर
अमरोहा, अमृत विचार। जिले में सोशल मीडिया पर एक बुजुर्ग की मौत का शोक मनाते हुए बंदर का वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें बंदर परिवार के लोगों के साथ बुजुर्ग के शव के पास बैठा दिख रहा है और शव से लिपटकर गम मना रहा है। यह मामला डिडौली कोतवाली क्षेत्र के कस्बा जोया का है।
कस्बा जोया की जाटव कॉलोनी निवासी रामकुंवर सिंह पिछले दो महीने से बंदर को अपनी छत पर खाना खिलाते थे। बंदर रोज सुबह खाना खाने के समय आ जाता था। इसी बीच बीमारी के चलते मंगलवार को रामकुंवर की मौत हो गई। रामकुंवर के बेटे सुनील ने बताया कि बंदर उनके पिता के साथ ही खाना खाता था। इसके चलते पिता उसे दोस्त की तरह मानते थे। वह जो कुछ खाते थे, वही बंदर को भी खिलाते थे। जब वह पिता शव के अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे, तभी बंदर आ गया और पिता की अर्थी से लिपट गया। बंदर की आंखों में आंसू थे। लोगों को रोते देख वह जमीन पर लेट गया और दुख में शामिल हुआ।
सुनील के अनुसार बंदर करीब दो घंटे तक पिता के शव के पास बैठा रहा। इसके बाद अंतिम संस्कार के लिए गंगा की कटरी पर जाने लगे तो बंदर भी अर्थी के ऊपर बैठ गया। हम लोगों ने हटाया, लेकिन वह अर्थी से लिपटा रहा। इसके बाद गाड़ी में ही अर्थी के साथ घर से 40 किमी दूर गंगा घाट तक गया। जहां वह अर्थी के पास गंगा किनारे काफी देर तक बैठा रहा। इतना ही नहीं जब रामकुंवर के शव को मुखाग्नि दी गई तब भी वह पास में मौजूद रहा। जब चिता की आग शांत हुई, तब हम लोग घर लौटने लगे। हम लोगों के साथ उसी गाड़ी पर बैठकर बंदर हमारे घर तक आया। इसके बाद पास ही बाग में चला गया। बुजुर्ग और बंदर की यह दोस्ती देखकर अंतिम संस्कार में आए लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया। वीडियो गुरुवार को सोशल साइट पर तेजी से वायरल हो रहा है।
ये भी पढे़ं : अमरोहा: पत्नी से विवाद पर पति ने खाया जहर, मौत...परिवार में मचा कोहराम
