Israel-Hamas war : इजराइल में 27 अमेरिकियों की मौत, नागरिकों को लाने के लिए चार्टर विमान भेजेगा अमेरिका 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

1600 आस्ट्रेलियाई नागरिकों ने स्वदेश वापसी के लिए पंजीकरण कराया : अल्बानीज़ 

वाशिंगटन। इजराइल में जारी हिंसा के परिणामस्वरुप कम से कम 27 अमेरिकियों की मौत हो गई और 14 लोग अभी भी लापता हैं। व्हाइट हाउस ने यह जानकारी दी। व्हाइट हाउस ने घोषणा की है कि अमेरिका हिंसा ग्रस्त यहूदी राष्ट्र से अपने नागरिकों को निकालने के लिए चार्टर विमान भेजेगा।

फिलिस्तीनी आतंकवादी समूह हमास ने शनिवार को दक्षिणी इजराइल पर ताबड़तोड़ हवाई हमले किए थे, जिसके जवाब में इजराइली रक्षा बलों (आईडीएफ) ने हमास के मुख्य ठिकानों को निशाना बनाकर कार्रवाई की। अभी तक इजराइल और गाजा पट्टी में दो हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और दोनों पक्षों के बीच इस संघर्ष को सबसे विनाशकारी संघर्ष बताया जा रहा है। भारत इजराइल से अपने नागरिकों को सुरक्षित निकालने वाला पहला देश है।

व्हाइट हाउस में राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के रणनीतिक संचार के समन्वयक जॉन किर्बी ने कहा, ''हम मौजूदा वक्त में इजराइल के लिए व्यावसायिक उड़ानों की सीमित उपलब्धता और वहां मौजूद अमेरिकियों द्वारा बाहर निकाले जाने की मांग को लेकर भलीभांति वाकिफ हैं। राष्ट्रपति ने अपनी टीम से उन अमेरिकी नागरिकों की सहायता सुनिश्चित करने को कहा है, जो इजराइल छोड़ना चाहते हैं और उन्हें सुरक्षित वापस लाने का निर्देश दिया है।'' उन्होंने बृहस्पतिवार को कहा, ''इजराइल से यूरोप के लिए परिवहन मुहैया कराने के लिए कल (शुक्रवार) से अमेरिकी सरकार चार्टर विमानों की व्यवस्था करना शुरू करेगी।

1600 आस्ट्रेलियाई नागरिकों ने स्वदेश वापसी के लिए पंजीकरण कराया : अल्बानीज़ 
कैनबरा।ऑस्ट्रेलिया की सरकार इज़राइल, गाजा और वेस्ट बैंक में फंसे अपने नागरिकों को स्वदेश वापस लाने के लिए निरंतर काम कर रही है। आस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। श्री अल्बानीज ने कहा कि इस इजरायल, गाजा और वेस्ट बैंक में फंसे 1600 ऑस्ट्रेलियाई लोगों को लाने के लिए एक असाधारण लॉजिस्टिक अभ्यास किया जा रहा है। इन सभी नागरिकों ने स्वदेश वापसी के लिए अपना पंजीकरण कराया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने तेल अवीव के बेन गुरियन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से देश के ध्वजवाहक क्वांटास द्वारा संचालित दो मुफ्त उड़ानों को शुरू किया है, जिनमें से पहली शुक्रवार को 200 से अधिक यात्रियों के साथ रवाना होगी।

उन्होंने बताया कि दो मुफ्त उड़ानों के बाद तीसरी उड़ान को किराए पर ली है। श्री अल्बानीज़ ने मीडिया ऑस्ट्रेलियाई ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन (एबीसी) को बताया कि युद्धग्रस्त क्षेत्र से सहायता प्राप्त प्रस्थान के लिए विदेश मामलों और व्यापार विभाग (डीएफएटी) में पंजीकरण कराने वाले 1,600 ऑस्ट्रेलियाई लोगों में से 19 गाजा में स्थित हैं। उन्होंने कहा कि सरकार दक्षिण आस्ट्रेलियाई चार लोगों के एक परिवार को गाजा से दक्षिणी सीमा के रास्ते बाहर निकालने के लिए मिस्र सरकार से बातचीत कर रही है। 

ये भी पढे़ं : Israel-Hamas war: इजराइल ने लोगों से 24 घंटे में उत्तरी गाजा पट्टी छोड़ने को कहा, UN बोला- ये 10 लाख लोगों की जिंदगी से खिलवाड़

 

संबंधित समाचार