Kanpur Farmer Suicide Case: फरार भाजपा नेता समेत चार आरोपियों पर एक लाख का इनाम घोषित, आरोपी एक माह से फरार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में फरार भाजपा नेता डॉ. प्रियरंजन दिवाकर समेत चार आरोपियों पर एक लाख का इनाम घोषित।

कानपुर में फरार भाजपा नेता डॉ. प्रियरंजन दिवाकर समेत चार आरोपियों पर एक लाख का इनाम घोषित हुआ। किसान की आत्महत्या मामले में नामजद आरोपी एक माह से फरार हैं।

कानपुर, अमृत विचार। चकेरी के किसान बाबू सिंह यादव की करोड़ों की जमीन को धोखाधड़ी से हड़पने वाले मुख्य साजिशकर्ता भाजपा नेता डॉ प्रियरंजन अंशु दिवाकर समेत चार आरोपियों के इनाम की राशि 50 हजार और बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दी गई है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद आरोपियों को फरार हुए एक माह से ज्यादा का समय बीत गया है लेकिन पुलिस उन लोगों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।  

चकेरी गांव में रहने वाले किसान बाबू सिंह यादव ने नौ सितंबर को मुख्यमंत्री के नाम सुसाइड नोट लिखकर अहिरवां में ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली थी। मृतक की पत्नी बिटान, बेटी रूबी और काजल ने भाजपा नेता और बाल आयोग के सदस्य डॉ प्रियरंजन अंशु दिवाकर पर किसान की साढ़े छह बीघा जमीन धोखाधड़ी करके हड़पने का गंभीर आरोप लगाया था।

जिसके बाद उन लोगों की तहरीर पर पुलिस ने डॉ प्रियरंजन अंशु दिवाकर, बब्लू यादव, राहुल जैन, मधुर पांडेय, शिवम सिंह चौहान, जितेंद्र यादव के खिलाफ  धोखाधड़ी, आत्महत्या के लिए उकसाने, साजिश रचने और जान से मारने की धमकी देने समेत अन्य गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई थी। सत्ता पक्ष से आरोपियों के जुड़े होने के कारण मामले ने सोशल मीडिया पर जमकर तूल पकड़ लिया।

इसके बाद पुलिस हरकत में आई। संयुक्त पुलिस आयुक्त आनंद प्रकाश तिवारी ने इस प्रकरण में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आधा सैकड़ा के आसपास पुलिस कर्मियों को लगाया है, लेकिन वह भी कुछ नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने सभी आरोपियों पर 50 हजार इनाम की घोषणा की थी। मामले में पुलिस छह में से दो आरोपी राहुल जैन को गाजियाबाद से वहीं मधुर पांडेय को घर के पास से गिरफ्तार कर जेल भेजा था। कई दिन तक फरार रहने पर पलिस ने आरोपियों पर गैर जमानती वारंट लिया था।

पुलिस की की टीमें लगातार कई शहरों और जिलों में दबिशें दे रही हैं। इसके बाद एक माह चार दिन बीत जाने के बाद भी चार की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

इस मामले में संयुक्त पुलिस आयुक्त आनंद प्रकाश तिवारी ने बताया कि पुलिस कमिश्नर डॉ आर के स्वर्णकार के आदेश पर आत्महत्या प्रकरण में पंजीकृत मुकदमे में नामजद फरार आरोपियों में श्याम नगर निवासी भाजपा नेता डॉ प्रियरंजन अंशु दिवाकर, जिला मैनपुरी के ग्राम मकरंदपुर निवासी भाजपा नेता शिवम सिंह चौहान, चकेरी गांव पोस्ट सनिगवां निवासी जितेंद्र यादव और टटियन झनाका निवासी बब्लू यादव के ऊपर पहले से घोषित 50 हजार के इनाम में और धनराशि बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दी गई है।

संबंधित समाचार