मानवता को शर्मसार: अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को मारी टक्कर… किसी राहगीर ने नहीं की मदद, हाईवे पर युवक ने तड़पकर तोड़ा दम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में वाहन की टक्कर से युवक की मौत।

कानपुर में अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में युवक की तड़पकर मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

कानपुर, अमृत विचार। दोस्त की बर्थडे पार्टी मनाकर घर लौट रहे एक बाइक पर सवार तीन युवकों को पनकी थानाक्षेत्र के सरायमीता पुल के पास अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहा युवक उछलकर पहिए के नीचे आ गया। उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायल दोस्तों के अनुसार आधा घंटे तक उनका साथी इलाज के लिए सड़क पर तड़पता रहा। मौके पर जब अन्य दोस्त पहुंचे तब उसे ऑटो से हैलट अस्पताल पहुंचाया। जहां युवक को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। 

बर्रा विश्व बैंक कालोनी निवासी 23 वर्षीय सागर पासवन पीवीसी पैनल का काम करता था। उसके बड़े भाई करन और दोस्त गौरव ने बताया कि गुरुवार रात सागर दोस्तों 22 वर्षीय बिल्ली और 20 वर्षीय चैरी निवासी गोविंदपुरी पुल के नीचे के साथ दोस्त ध्रुव का बर्थडे मनाने  भौंती स्थित चौहान ढाबे गया था। रात 11 बजे  एक बाइक पर सागर, बिल्ली और चैरी लौट रहे थे।

दूसरी बाइक पर ध्रुव और एक अन्य साथी था। ध्रुव अपने दोस्त के साथ आगे निकल गया। सागर जैसे ही सरायमीता पुल के पास पहुंचा कि पीछे से तेज रफ्तार में जा रहे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। सागर उछलकर पहिए के नीचे चला गया। साथी बिल्ली और चैरी गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायल दोस्तों के अनुसार आधा घंटे तक वह लोग घटनास्थल पर तड़पते रहे। किसी तरह बिल्ली ने फोन करके सूचना दोस्तों और परिजनों को दी तो वह लोग ऑटो लेकर पहुंचे। तीनों को हैलट इमरजेंसी  पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने सागर को मृत घोषित कर दिया। चैरी की हालत गंभीर होने पर उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया। बिल्ली का इलाज अस्पताल में चल रहा है। 

किसी राहगीर ने नहीं दिखाई मानवता 

हादसे में गंभीर घायल तीनों दोस्त सड़क पर तड़प रहे थे। हाईवे होने के कारण सैकड़ों वाहन वहां से गुजरे लेकिन किसी ने भी मानवता का परिचय नहीं दिया। घायलों के अनुसार सभी लोग केवल एक सेकेंड के लिए ब्रेक मारकर उन्हें देखते और आगे बढ़ जाते थे। 

हेलमेट होता तो बच सकती थी जान 

यातायात विभाग की जागरुकता के बाद भी लोग हेलमेट नहीं लगा रहे हैं। इस हादसे में भी बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। इसी कारण अज्ञात वाहन की टक्कर से उछलकर गिरे युवक की  मौत हो गई। वहीं अन्य दो भी हेड इंजरी के शिकार हुए।

संबंधित समाचार