रायबरेली: लालगंज में फिर से चालू होगा रेलवे ओवरब्रिज, लोगों को मिलेगी जाम से मुक्ति!

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लालगंज, रायबरेली। जनवरी-फरवरी 2024 में सेमरपहा लालगंज बाईपास में रेल लाइन के ऊपर टूटा पड़ा ओवरब्रिज फिर से चालू हो जाएगा। एनएचएआई के वरिष्ठ अधिकारी आयुष्मान ने बताया कि यहां पर स्थान न होने के चलते पुल के बाबत गार्डर और कास्टिंग का कार्य बाहर चल रहा है। जनवरी-फरवरी तक बाईपास रेलवे ओवर ब्रिज चालू कर दिया जाएगा। प्रधानमंत्री के द्वारा लोकार्पित यह रेलवे पुल 2019 से टूटा पड़ा है।

बांदा-रायबरेली नेशनल हाईवे पर सेमरपहा लालगंज गोविंदपुर वलौली बाईपास के बंद होने से क्षेत्रीय लोगों को भारी मुसीबत का सामना उठाना पड़ रहा है । इस मार्ग से दिन-रात हजारों वाहनों का आना-जाना होता है। पुल टूट जाने के चलते रायबरेली वाया फतेहपुर चलने वाले वाहन लालगंज से होकर निकलते हैं। जिससे दिनभर लालगंज में जाम लगा रहता है। लोगों ने शीघ्र से शीघ्र रेलवे पुल को बनाने की मांग की है।

गौरतलब है कि बांदा बहराइच नेशनल हाईवे 232 के लालगंज बाईपास पर दिसंबर 2018 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रेलवे ब्रिज सहित नेशनल हाईवे का लोकार्पण किया था। करीब 1100 करोड़ की लागत से बांदा बहराइच मार्ग का चौड़ीकरण और पुल का लोकार्पण प्रधानमंत्री ने रेल कोच के इनडोर स्टेडियम में एक बड़ी जनसभा के दौरान किया था। उस समय 2019 लोकसभा चुनाव की बेला थी और भाजपा सरकार ने रायबरेली में चुनावी बढ़त लेने के मद्देनजर एक बड़ी योजना का लोकार्पण किया था लेकिन दुर्भाग्य की बात 6 माह बाद ही बाईपास पर बना रेलवे ब्रिज भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया।

रेलवे पुल में दरार आने के बाद पहले तो एनएचएआई ने रेलवे पुल पर आवागमन बंद किया और बाद में रेलवे पुल को तोड़ दिया । तब से आज तक बाईपास का आवागमन बंद है। वास्तव में नेशनल हाईवे ने सेमरपहा के पहले से गोविंदपुर वलौली तक करीब 5 किलोमीटर लंबा बाईपास बनाया था और उस पर रेलवे पुल का निर्माण हुआ था।

रेलवे ब्रिज के निर्माण से लालगंज में जाम लगना बंद हो गया था क्योंकि फतेहपुर से आने वाले वाहन बाईपास से होकर रायबरेली निकल जाते थे लेकिन पुल के मानक विहीन होने, पुल में दरार पड़ जाने और उसके बाद नेशनल हाईवे के अधिकारियों के द्वारा उसे तोड़ दिए जाने के बाद से बाईपास का आवागमन पूरी तरह से ठप पड़ा है।

व्यापार मंडल अध्यक्ष विवेक शर्मा ,जिला अध्यक्ष रोहित सोनी, महामंत्री शिवम गुप्ता, अप्पू शर्मा, मृत्युंजय वाजपेई ,समाजसेवी रविशंकर बाजपेई, भाजपा नेता दीप प्रकाश शुक्ला ,भाजपा नेता हरि शंकर पांडे, शीलू त्रिवेदी, प्रतीक शर्मा, दीप चंद्र गुप्ता , सुरेंद्र गुप्ता,पुष्कर गुप्ता आदि लोग केंद्र सरकार से रेल ओवरब्रिज बनाने की मांग कई बार कर चुके हैं। शायद अब उनकी मांग पूरी होने जा रही है और जनवरी-फरवरी तक रेल लाइन पर पुल बनकर तैयार हो जाएगा।

यह भी पढ़ें: बहराइच: सड़क हादसों में युवक समेत तीन की मौत, एक घायल, मचा कोहराम

संबंधित समाचार