विश्वकप क्रिकेट 2023: भारतीय टीम की जीत के लिए प्रशंसकों ने की दुआ, जमकर लगा सट्टा!
रायबरेली। विश्व कप क्रिकेट में शनिवार को भारत व पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच से पहले शहर के क्रिकेट प्रेमियों ने प्रसिद्ध अभयदाता मंदिर में पूजा कर भारतीय क्रिकेट टीम की जीत के लिए पूजा की। साथ ही भारत के विश्व कप जीतने की भी प्रार्थना की। शनिवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच खेला जा रहा है। इस मैच को लेकर शहर के साथ जिले के क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह है।
भारत अभी तक विश्व कप में हुए सात मुकाबले पाकिस्तान से जीत चुका है और आठवें मैच को जीतने के लिए तैयार है। सुबह क्रिकेट प्रेमी अभयदाता मंदिर पहुंचे तथा पूजा और हनुमान जी के प्रसाद अर्पित कर भारत की जीत की प्रार्थना की। क्रिकेट प्रेमियों ने पुजारी को क्रिकेट बैट और बॉल देकर पूजा कराई।
इसी तरह शहर के कैनाल रोड स्थित मंदिर में भी पूजा की गई। मैच जब दोपहर में शुरू हुआ तो लोग टीवी सेट के सामने चिपककर बैठ गए। गली-मोहल्लों में केवल इस मुकाबले को लेकर चर्चा रही। वहीं सट्टा बाजार में भी जमकर सट्टा लगा। सूत्रों के मुताबिक लोग लखनऊ, कानपुर और आगरा में सट्टा लगाते रहे। यहां पर भारत पर जीत का बड़ा सट्टा लगा है।
यह भी पढ़ें: विश्वकप क्रिकेट 2023: भारतीय टीम की जीत के लिए प्रशंसकों ने की दुआ, जमकर लगा सट्टा!
