संभल: चोरी के 500 से अधिक ट्रैक्टरों के पुर्जे और सैकड़ों जेनरेटर बरामद
अपर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस ने मारा छापा
संभल, अमृत विचार: नखासा थाना क्षेत्र में खास अभियान के तहत रायसत्ती ट्रैक्टर मार्केट में छापेमारी की गई जिसमें मेरठ के सोतीगंज से भी बड़े चोर बाजार का खुलासा हुआ। पुलिस ने पांच सौ से ज्यादा ट्रैक्टरों के पुर्जे व चोरी के इंजनों से बनाये गये सैकड़ों जेनरेटर बरामद किये हैं। अपर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में शुरु किया गया अभियान रविवार सुबह तक पूरा होने की बात कही जा रही है। वहीं कोतवाली क्षेत्र में चोरी की कार काटकर पुर्जे बेचने वालों की धरपकड़ की गई है।
नखासा थाने के रायसत्ती ट्रैक्टर व जेनरेटर मार्केट को लेकर जानकारी मिली थी कि इस बाजार में चोरी के ट्रैक्टर काटकर उनके इंजन से जेनरेटर बनाकर बाकी पुर्जे बेच दिये जाते हैं। शनिवार को पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह गुनावत ने ट्रैक्टर बाजार पर कार्रवाई के लिए खास अभियान प्लान किया। इसके तहत अपर पुलिस अधीक्षक श्रीशचंद्र ने कई थानों की पुलिस और पीएसी जवानों को साथ लेकर रायसत्ती बाजार में कार्रवाई शुरू की । यहां बड़े गोदामों में कुछ ट्रैक्टर जबकि बड़ी तादाद में ट्रैक्टरों के पुर्जे मिले। यह भी पता चला कि चोरी के ट्रैक्टरों के इंजन से जेनरेटर बनाकर बेचे जा रहे थे। गोदामों में मिले एक दर्जन लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
अपर पुलिस अधीक्षक श्रीशचंद्र ने बताया कि कि पांच सौ से अधिक ट्रैक्टरों के पुर्जों के साथ ही सैकड़ों जेनरेटर व चोरी के कुछ ट्रैक्टर बरामद हुए हैं। बरामद पुर्जों व अन्य सामान को ट्रैक्टर ट्रालियों में लादकर थाने भिजवाने का काम किया जा रहा है। यह काम रविवार सुबह तक पूरा होने के आसार हैं। वहीं शहर कोतवाली के मोहल्ला नाला पर चोरी की कार काटकर पुर्जे बेचने वालों के गोदामों पर भी छापेमारी की गई है। यहां से भी कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस की कार्रवाई देर रात तक जारी रही।
ये भी पढ़ें- संभल: डंपर की टक्कर से युवती की मौत, परिजनों ने किया हंगामा
