शाहजहांपुर: विधायक सलोना पर हमले की कोशिश, कार का शीशा टूटा

Amrit Vichar Network
Published By Vikas Babu
On

फोटो- निगोही स्थित अपने कार्यालय पर घटना की जानकारी देती विधायक सलोना कुशवाहा।

शाहजहांपुर, अमृत विचार। सत्ता पक्ष की विधायक सलोना कुशवाहा पर शनिवार देर शाम फायर करते हुए जानलेवा हमले की कोशिश की गई। इस सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी के निर्देश पर एएसपी सिटी निगोही पहुंचे और मामले की जानकारी ली। विधायक की गाड़ी के अंदर से पत्थर मिलने से संशय पैदा हो गया है कि विधायक पर फायर हुआ अथवा गाड़ी में पत्थर लगा। निगोही पुलिस अभी मामले की गहराई से जांच कर रही है।

तिलहर विधान सभा क्षेत्र से भाजपा की विधायक सलोना कुशवाह शनिवार शाम 7:30 बजे निगोही स्थित अपने आवास से शाहजहांपुर आ रही थीं। वह अपनी निजी गाड़ी से थीं। ड्राइवर गाड़ी को चला रहा था, साथ में गनर भी था। उनकी गाड़ी निगोही के गिरगिचा के नजदीक जब उनकी गाड़ी पहुंची, तभी एक धमाके जैसी आवाज सुनाई दी और विधायक की गाड़ी का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया।

धमाके की आवाज सुनकर विधायक सहम गईं। उन्हें लगा कि किसी ने उन पर जानलेवा हमला करते हुए फायर कर दिया है। ड्राइवर मौके से गाड़ी को भगा लाया और कुछ दूर आगे चल कर रोकी। जहां उन्होंने देखा कि गाड़ी का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद वह निगोही थाने पहुंची और मामले की जानकारी दी।

विधायक पर फायर के साथ जानलेवा हमले की खबर सुनते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की जानकारी एसपी अशोक कुमार मीणा को दी गई। एसपी ने मामले की जांच के लिए तत्काल एएसपी सिटी सुधीर जायसवाल मौके पर भेजा।

उन्होंने निगोही पहुंचकर घटना के बारे में जानकारी ली। जहां विधायक ने जानलेवा हमले की जानकारी दी। जब एएसपी सिटी ने जांच शुरू की तो विधायक की गाड़ी के अंदर से पत्थर बरामद हुआ। जिसको लेकर संशय पैदा हो गया है कि विधायक पर फायर किया गया या पत्थर लगा है।  

मुझे जांच पर विश्वास: सलोना कुशवाहा
विधायक सलोना कुशवाहा ने घटना को लेकर कहा कि उन्हें जांच पर विश्वास है। जांच में जो सामने आएगा, उसी आधार पर आगे बढ़ेंगी। अगर जरूरत होगी तो तहरीर दी जाएगी। विधायक ने कहा कि जांच में सच सामने आ जाएगा। वह पूरी तरह से नहीं समझ पाईं कि फायरिंग हुई है या कुछ और है।

सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने गाड़ी घटनास्थल से कुछ दूरी पर जाकर रुकवाई और पुलिस को सूचना दी। सीओ व अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। आसपास के लोग भी भारी संख्या में एकत्र हो गए। गाड़ी से पत्थर बरामद होने के सवाल पर सलोना कुशवाहा ने इतना ही कहा कि उन्हें जांच पर पूरा भरोसा है।

धमाका इतना तेज था कि गनर का कान सुन्न हो गया: डॉ. राम सिंह
विधायक सलोना कुशवाहा के पति डॉ. राम सिंह कुशवाहा का कहना है कि गाड़ी के शीशे पर जोरदार प्रहार हुआ है। धमाका इतना तेज था कि गनर का कान सुन हो गया। फॉर्च्यूनर गाड़ी का शीशा टूटना आसान नहीं होता है। यह कोई बड़ा षड्यंत्र भी हो सकता है। पुलिस को मामले की तह तक जाना चाहिए और सच्चाई को बाहर लाना चाहिए। हमें पुलिस अधिकारियों पर पूरा भरोसा है। मामले की जांच की जा रही है। हम अपने नेटवर्क से भी घटना के विषय में जानकारी कर रहे हैं। दोषी कोई भी बख्शा नहीं जाएगा।

मामले की जांच के लिए एएसपी सिटी को मौके पर भेजा गया है। अभी तक स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। मामले की गहराई से जांच की जा रही है। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा---अशोक कुमार मीणा, एसपी।

यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: तालाब में सिंघाड़े की दवा छिड़कते समय युवक की डूबकर मौत

संबंधित समाचार