UP : नए साल में युवाओं को मिलेगी 1.5 लाख सरकारी नौकरी

Amrit Vichar Network
Published By Virendra Pandey
On

राज्य ब्यूरो, लखनऊ, अमृत विचार : प्रदेश के युवाओं के लिए वर्ष 2026 रोजगार के लिहाज से ऐतिहासिक साबित होने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य सरकार अगले वर्ष डेढ़ लाख से अधिक सरकारी नौकरियों की भर्ती प्रक्रिया शुरू करने जा रही है। इसके साथ ही योगी सरकार के नाम 10 वर्षों में 10 लाख सरकारी नौकरियां देने का रिकॉर्ड दर्ज होने जा रहा है, जो प्रदेश के इतिहास में पहली बार होगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में हुई एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में सभी विभागों से रिक्त पदों का अद्यतन और विभागवार ब्यौरा तलब किया है। इसके आधार पर वर्ष 2026 के लिए मेगा भर्ती कैलेंडर तैयार किया जा रहा है। सरकार का फोकस उन विभागों पर है, जहां लंबे समय से पद रिक्त हैं और जिनका सीधा असर कानून-व्यवस्था, शिक्षा और जनसेवाओं पर पड़ता है।

सरकारी तैयारियों के अनुसार, वर्ष 2026 में सबसे अधिक भर्ती पुलिस और शिक्षा विभाग में होगी। दोनों विभागों में करीब 50-50 हजार पदों पर नियुक्तियां प्रस्तावित हैं। पुलिस विभाग में 30 हजार आरक्षी, 5 हजार उप निरीक्षक (एसआई) और 15 हजार अन्य पदों पर भर्ती की जाएगी। वहीं शिक्षा विभाग में सहायक अध्यापक, प्रवक्ता (लेक्चरर) और प्रधानाचार्य जैसे पदों पर बड़े पैमाने पर नियुक्तियां होंगी।

इसके अलावा राजस्व विभाग में करीब 20 हजार पद, जिनमें अधिकांश लेखपाल के होंगे। करीब 8 हजार पदों की भर्ती प्रक्रिया शुरू भी हो गई है। स्वास्थ्य, आवास विकास, कारागार और बाल विकास पुष्टाहार विभाग में मिलाकर 30 हजार से अधिक पदों पर भर्तियां की जाएंगी। 2026 की इस मेगा भर्ती योजना के साथ उत्तर प्रदेश न सिर्फ रोजगार के क्षेत्र में नई मिसाल कायम करेगा, बल्कि देश का पहला राज्य बनेगा, जिसने एक दशक में 10 लाख युवाओं को सरकारी सेवा में अवसर दिया हो।

भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती से बढ़ा युवाओं का भरोसा

पिछले साढ़े आठ वर्षों में योगी सरकार ने साढ़े आठ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी है। भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, तकनीक आधारित चयन और सख्त निगरानी के चलते पेपर लीक और भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगा है। यही कारण है कि युवाओं का भरोसा भर्ती बोर्डों और सरकार पर लगातार मजबूत हुआ है।

“प्रदेश का युवा हमारी प्राथमिकता है। हर रिक्त पद को भरना सरकार की जिम्मेदारी है। भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी हो, समय पर हो और योग्य युवाओं को अवसर मिले, इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।”-योगी आदित्यनाथ, मुख्यमंत्री

2026 मेगा भर्ती : एक नजर में

• कुल प्रस्तावित भर्ती : 1.5 लाख से अधिक

• पुलिस विभाग : 50,000 पद

- आरक्षी – 30,000

- सब-इंस्पेक्टर – 5,000

- अन्य पद – 15,000

- शिक्षा विभाग : 50,000 पद

- सहायक अध्यापक, लेक्चरर, प्रधानाचार्य

• राजस्व विभाग : 20,000 पद (मुख्यतः लेखपाल)

- स्वास्थ्य, कारागार, आवास विकास, बाल विकास : 30,000 पद

• अब तक दी गई नौकरियां (8.5 वर्ष) : 8.5 लाख

• 10 साल का लक्ष्य : 10 लाख सरकारी नौकरियां

ये भी पढ़े : अयोध्या में प्रॉपर्टी फ्रॉड का खुलासा: सपा नेता मानसिंह की 14 करोड़ की संपत्ति कुर्क, निर्माणाधीन होटल भवन पर कार्रवाई

संबंधित समाचार