गोंडा : छेड़खानी में फंसे युवक ने फंदा लगाकर दी जान, दंपती के खिलाफ केस दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

आरोपित महिला ने दर्ज कराया था मृतक के खिलाफ छेड़खानी का मुकदमा

गोंडा/अमृत विचार। जेल से जमानत पर बाहर आये युवक ने फंदे से लटक कर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस को सुसाइड नोट मिला है। मृतक ने घर के कमरे में महिला से चैट का स्क्रीनशाट प्रिंट कराकर दीवार पर चस्पा कर रखा था। पुलिस ने पड़ोस के रहने वाले दंपति पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज किया है।

कोतवाली देहात के मधईपुर गुलाब पुरवा के रहने वाले अशोक कुमार श्रीवास्तव गिर्द गोंडा के गायत्रीपुरम में मकान बनवाकर बेटे अभिषेक व बेटी आस्था के साथ रहते थे। वर्ष 2018 में उनकी की मौत हो गई। कुछ समय बाद उनकी पत्नी का भी निधन हो गया। अभिषेक व आस्था दोनों मकान में रहते थे।

अभिषेक श्रीवास्तव ने बुधवार की शाम को घर के कमरे में पंखे से लटककर जान दे दी। छेदीपुरवा निवासी मृतक के चचेरे भाई उदभव श्रीवास्तव ने दी गई तहरीर में कहा कि मृतक के पड़ोस के रहने वाले दंपति सोनल सिंह व अजीत सिंह ने उनके चचेरे भाई पर छेड़खानी का फर्जी मुकदमा कराया था। पुलिस ने उसे जेल भेज दिया। 10 दिन जेल में रहने के बाद वह जमानत पर बाहर आया। उसका भाई अवसाद में रहता था। दंपति उसे लगातार ब्लैकमेल करते थे और रुपये की मांग करते थे। प्रताड़ना से तंग आकर अभिषेक ने जान दी है।

कमरे में अभिषेक ने सोनल सिंह व उसके पति अजीत सिंह से फोन पर किए गए चैटिंग व काल का स्क्रीनशाट को प्रिंट करवाकर दीवार पर चस्पा करा रखा था। सुसाइड नोट में भी प्रताड़ित किए जाने की बात लिखी थी। उसकी सुनवाई न होने का भी जिक्र सुसाइड नोट में किया था। पुलिस ने सुसाइड नोट को कब्जे में ले लिया है। नगर कोतवाल विवेक त्रिवेदी ने बताया कि आरोपी दंपति पर मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है।

संबंधित समाचार