रायबरेली: जर्जर मकान की छत गिरने से श्रमिक की मौत, मचा हड़कंप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

छत तोड़ने के दौरान श्रमिक मलबा समेत जमीन पर गिरा, कड़ी मशक्कत के बाद मलबे से निकाला गया शव 

रायबरेली, अमृत विचार। जर्जर मकान को तोड़ते समय अचानक छत गिरने से उसके नीचे दबकर एक श्रमिक की मौत हो गई। इस घटना से हड़कंप मच गया। एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस और राहत बचाव दल शव को मलबे से निकाल सकी। जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। 

सलोन कोतवाली अंतर्गत कस्बे के तहसील रोड पर मोहम्मद शहनवाज का जर्जर मकान था। हाल ही में शाहनवाज का नाम प्रधानमंत्री आवास की सूची में आया था। इस कारण करीब दो सप्ताह से मकान को तोड़ने की कवायद चल रही थी। स्थानीय लोगों ने बताया कि दिनेश वर्मा पुत्र रामेश्वर निवासी अतौलाबाद दिहाड़ी श्रमिक के तौर पर मकान मालिक के यहां काम कर रहा था। 

प्रत्क्षयदर्शियों के मुताबिक रविवार सुबह लगभग साढ़े दस बजे दिनेश मकान की छत को तोड़ रहा था।इसी दौरान पूरी छत भरभरा कर नीचे गिर गई जिससे श्रमिक दिनेश छत समेत नीचे गिर गया और मलबा के नीचे दबकर उसकी मौत हो गई। श्रमिक के छत के नीचे दबकर मौत होने की सूचना पर हड़कम्प मच गया। 

बड़ी तादात में लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई थी। मामले की जानकारी मिलते ही मौके पर कोतवाल श्याम कुमार पाल फायर टीम प्रभारी गोपी चन्द्र मिश्रा अपनी टीम के साथ पहुंचे।करीब एक घण्टे की कड़ी मश्क्कत के बाद मजदूर के शव को मलबे से बाहर निकाला जा सका है।

इस दौरान मृतक की पत्नी पति की मौत की खबर सुनते ही सीएचसी सलोन में बेहोश होकर गिर पड़ी।कोतवाली प्रभारी श्याम कुमार पाल ने बताया कि घटना हृदय विदारक थी। पुलिस बल की सहायता से शव को मलबे से निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।घटना की तहरीर प्राप्त होते ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

ये भी पढ़ें -लखनऊ : शिवपाल यादव ने पूर्व राष्ट्रपति डॉ कलाम को किया याद, लिखा ये संदेश

संबंधित समाचार