अब पार्क में टेंट लगाया तो देना होगा शुल्क, Kanpur Nagar Nigam ने लिया निर्णय, इन जगहों के देने होंगे पैसे
कानपुर नगर निगम ने पार्क में टेंट लगाने पर शुल्क देने का निर्णय लिया।
कानपुर नगर निगम ने पार्क में टेंट लगाने पर शुल्क देने का निर्णय लिया। इसके लिए 44 पार्कों को सूचीबद्ध किया गया है। इनमें से 35 पार्क ऐसे हैं, जिनसे अभी कोई शुल्क वसूली नहीं होती है।
कानपुर, अमृत विचार। नगर निगम ने राजस्व बढ़ाने के लिए सार्वजनिक पार्कों में आयोजित होने वाले शादी समारोह या अन्य आयोजनों के लिए शुल्क वसूलने का निर्णय लिया है। इसके लिए 44 पार्कों को सूचीबद्ध किया गया है। इनमें से 35 पार्क ऐसे हैं, जिनसे अभी कोई शुल्क वसूली नहीं होती है। नगर निगम केवल मोतीझील, ब्रजेंद्र स्वरूप पार्क और नानाराव पार्क, फूलबाग में ही कार्यक्रम आयोजन के बदले शुल्क लेकर अनुमति प्रदान करता है।
मोतीझील मैदान में विवाह समारोह के लिए नगर निगम 32 हजार रुपये लेता है। व्यावसायिक कार्यक्रम में 42 हजार से ज्यादा और धार्मिक आयोजन का 21 हजार रुपये किराया तय है। लेकिन वार्डों में 35 सार्वजनिक पार्क ऐसे हैं, जहां लोग टेंट या पंडाल लगाकर शादी समारोह या अन्य कार्यक्रम करते हैं, पर कोई किराया नगर निगम वसूल नहीं करता है। अब इन पार्कों में परंपरागत आयोजन छोड़कर कोई भी नया कार्यक्रम करने पर 33 सौ रुपये शुल्क चुकाना होगा।
ऑनलाइन बुकिंग सुविधा
पार्क बुकिंग की नगर निगम को ऑनलाइन रिक्वेस्ट भेजी जा सकती है। इसमें नाम, पता, कार्यक्रम का दिन और पार्क बुक करने का उद्देश्य बताना होगा।
इन पार्कों में समारोह के लिए चुकाना होगा शुल्क
हेमू कॉलोनी पार्क-शास्त्री नगर, इंद्रा पार्क-पांडू नगर, चन्द्रशेखर पार्क-आज़ाद नगर, अविनाश सिंह भदौरिया पार्क-एच-ब्लॉक गोविंद नगर, रतनलाल नगर पार्क-रतनलाल नगर, रायपुरवा पार्क-रायपुरवा, मॉडल टाउन पार्क-मॉडल टाउन पांडु नगर, सुन्दर मोहन पार्क-अशोक नगर, कौशलपुरी पार्क-कौशलपुरी, लाजपत नगर पार्क, जी-ब्लॉक पार्क-किदवई नगर, के-ब्लॉक पार्क-किदवई नगर, मानसमंच पार्क- केशव नगर, आई-ब्लॉक पार्क-किदवई नगर, करवालो नगर पार्क, गीता नगर पार्क, कौशिक पार्क-कचहरी, नसीमाबाद पार्क, तिकोनिया पार्क काकादेव, नानाराव पार्क फूलबाग, शिवाजी पार्क, खलासी लाइन पार्क, स्वरूप नगर पार्क, सूटरगंज पार्क, गीता पार्क-किदवई नगर, बर्रा पार्क-बर्रा-6, एच-ब्लॉक पार्क-किदवई नगर, शास्त्री पार्क-आज़ाद नगर, सरदार पटेल पार्क बर्रा-2, शिवधाम पार्क-किदवई नगर, लोहिया पार्क-इंदिरा नगर, शास्त्री पार्क-जूही, ओ-ब्लॉक पार्क-किदवई नगर, पशुपति नगर पार्क, दीपचन्द्र पार्क-विष्णुपुरी।
फूलबाग पहले ही देना बंद किया जा चुका है। नानाराव पार्क का एक हिस्सा आयोजनों के लिए दिया जाता है, इसमें पारंपरिक कार्यक्रमों का कोई शुल्क नहीं लिया जाता है। अन्य समारोह मंय नियमानुसार शुल्क वसूला जाता है।- अनिरुद्ध सिंह, प्रभारी संपत्ति विभाग।
