Kannauj में शिवपाल यादव बोले- फिर से ताल ठोंकेगे अखिलेश… नवंबर से शुरू कर देंगे प्रचार, ये बड़ी बात कहीं

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कन्नौज में समाजवादी पार्टी के महासचिव शिवपाल सिंह यादव विपक्ष पर गरजे।

कन्नौज में समाजवादी पार्टी के महासचिव शिवपाल सिंह यादव विपक्ष पर गरजे। उन्होंने कहा कि कन्नौज से अखिलेश यादव फिर से ताल ठोकेंगे।

कन्नौज, अमृत विचार। अगले वर्ष यानी 2024 में लोकसभा के चुनाव होने हैं। चुनाव की आहट के साथ ही भारतीय जनता पार्टी समेत सभी राजनीतिक दलों ने कमर कसना शुरू कर दिया है। इस क्रम में कन्नौज की राजनीतिक हलकों में दोबारा हलचल पैदा कर दी यहां पहुंचे समाजवादी पार्टी के महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने यह कहकर कि उनकी इच्छा है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष व उनके भतीजे अखिलेश यादव यहीं से चुनाव लड़ें। यह भी बोले कि हम तो प्रचार नवंबर से ही शुरू कर देंगे।

उन्होंने यह बातें यहां समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलने के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहीं। दरअसल वह पूर्व विधायक अनिल दोहरे के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने कन्नौज स्थित उनके आवास पहुंचे थे। सुबह यहां पहुंचने के बाद वे पार्टी के पूर्व विधायक के घर पहुंचे तथा परिजनों से मिलकर उनको ढाढ़स बंधाया।

इसके बाद वे नसरापुर स्थित पार्टी कार्यालय पहुंचे और आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों से बात की। इसके बाद प्रेस से बातचीत के दौरान उन्होंने स्पष्ट संकेत दिए कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव यहां से एक बार फिर से चुनाव लड़ेंगे। पत्रकारों के कुरेदने पर कहा कि अखिलेश स्वयं यह बात कह चुके हैं।

उनकी इच्छा पूछे जाने पर हंसते हुए कहा कि वे तो चाहते हैं कि वे यहीं से चुनाव लड़ें। वे तो उनके लिए प्रचार भी करेंगे। एक कदम आगे बढ़ते हुए बोले-‘हम तो नवंबर से ही प्रचार शुरू कर देंगे’। बाद में यह भी कहा कि वह राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं तो कहीं से भी चुनाव लड़ सकते हैं। सरकार की बुलडोजर नीति पर भी सवाल उठाए। कहा कि व्यक्ति गलत करता है तो मकान पर बुलडोजर चलाना ठीक बात नहीं।

पार्टी में गुटबाजी के सवाल पर बोले –‘कन्नौज में कोई गुटबाजी नहीं है। जब हम साथ हैं तो काहे की गुटबाजी।’ भाजपा आईएनडीआईए गठबंधन से घबरा गई है। इसलिए इस तरह का भ्रम फैला रही है।

भारतीय जनता पार्टी 2024 में पूरे देश से जाएगी। जनवरी में होने वाली श्री राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के बाद वहां जाने के सवाल पर बोले- भगवान राम को कौन नहीं मानता। मंदिर तैयार हो तो हम भी चले जाएंगे। देवरिया कांड को लेकर बोले कि मुख्यमंत्री को दोनों परिवारों में जाना चाहिए था।

गत वर्ष अखिलेश ने स्वयं कहा था, कन्नौज से चुनाव लड़ेंगे

गत वर्ष अक्टूबर में पूर्व पालिकाध्यक्ष सुनील कुमार गुप्त मुन्ना भइया के बेटे के तिलकोत्सव में यहां पहुंचे अखिलेश ने प्रेस से बातचीत में स्वयं कन्नौज से चुनाव लड़ने की बात कही थी। चूंकि उन्होंने 2000 में पिता मुलायम सिंह द्वारा कन्नौज सीट छोड़े जाने पर यहीं से राजनीति का आगाज किया था तो इस मायने में इस बात को लेकर देश भर में हलचल मच गई थी।

जब तक भाजपा नहीं भरेंगे सड़कों के गड्ढे

शिवपाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार को प्रदेश में सात साल हो चुके लेकिन सड़कों के गड्ढे अब तक नहीं भर पाए। हर तीन महीने में कहते हैं कि एक महीने में गड्ढे भर जाएंगे। साफ कहा कि जब से भाजपा आई है तब से कहीं न तो नई सड़क बनी न गड्ढे भरे। जब तक भाजपा रहेगी गड्ढे नहीं भरेंगे।

संबंधित समाचार