Hamirpur News: बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे पर जानवरों से भरा लोडर पलटा… युवक की मौत, हादसे में तीन लोग घायल
हमीरपुर के बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे पर जानवरों से भरे तेज रफ्तार लोडर के पलटने से युवक की हुई मौत।
हमीरपुर के बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे पर जानवरों से भरे तेज रफ्तार लोडर के पलटने से युवक की मौत हो गई। जबकि हादसे में तीन अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
हमीरपुर, अमृत विचार। राठ क्षेत्र के इटैलिया बाजा गांव स्थित बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे पर जानवरों से लदे तेज रफ्तार एक लोडर के अनियंत्रित होकर पलटने से उसमें सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई तथा तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी लगते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस के द्वारा मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार महोबा की ओर से जानवरों से भरा एक लोडर बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से होते हुए अलीगढ़ जा रहा था । इटैलिया बाजा गाँव स्थित बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे पर अचानक तेज रफ्तार लोडर अनियंत्रित होकर पलट गया। जिससे हुए हादसे में लोडर में सवार 28 वर्षीय अनीश पुत्र नत्थू खान निवासी ग्राम भरतपुर जनपद मैनपुरी की मौत हो गई तथा उसके साथ में सवार मानसिंह पुत्र गुलजारी निवासी मैनपुरी, यूनुस पुत्र नबाब निवासी ग्राम बड़ाहार व नबाब गम्भीर रूप से घायल हो गये।
जिन्हें आनन फानन में इलाज हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया। मृतक के परिजनों ने बताया कि मृतक अनीश मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार के भरण पोषण में सहयोग करता था। जो कि अपने पीछे पत्नी हाजरा, माँ हीरा के अलावा दो नाबालिक पुत्रियों 8 वर्षीय सना एवं 3 वर्षीय शमा को रोता बिलखता हुआ छोड़ गया है। मामले में जरिया थाना के प्रभारी इंस्पेक्टर विनोद कुमार ने बताया कि मृतक युवक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है तथा मामले में वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
