एक्शन : गलत बयानी पर हटाए गए हैदरगढ़ सीएचसी अधीक्षक, जानें क्या है मामला
परिजनों के विरोध जताने पर सीएमएस ने की कार्रवाई
हैदरगढ़ /बाराबंकी, अमृत विचार। मुख्य चिकित्सा अधिकारी के बयान से अलग हटकर हैदरगढ़ सीएचसी अधीक्षक को मौत का कारण अलग बताना महंगा पड़ गया। मृतक के परिजनों द्वारा मौत का सही कारण बताने की मांग और बयान में मौत का कारण अलग-अलग बताना का विरोध किया जा रहा था। जिस पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अवधेश यादव ने गुरुवार को सीएचसी अधीक्षक ओम प्रकाश कुरील को वहां से हटाकर सुबेहा सीएचसी पर भेज दिया है।
हैदरगढ़ अधीक्षक ने अमृत विचार को बताया था कि महिला की मौत बुखार से नहीं बल्कि प्वाइजनिंग से हुई है। महिला के परिजनों ने सीएमओ से शिकायत की थी कि अर्चना की मौत बुखार से हुई है और आपका अधीक्षक बता रहा है कि प्वाइजनिंग से मौत हुई है। इसे तत्काल हटाया जाए नहीं तो हम अधीक्षक के विरोध में आंदोलन छेड़ देंगे, जिस पर उन्हें हटा दिया। इस चेतावनी के बाद डॉक्टर ओमप्रकाश कुरील को हैदरगढ़ से हटकर सुबेहा सीएचसी का अधीक्षक बनाया गया है। उनके स्थान पर हैदरगढ़ में डॉक्टर सौरभ शुक्ला को तैनात किया गया है।
हैदरगढ़ नगर पंचायत के ब्रह्मनान वार्ड निवासी सत्य प्रकाश की 30 वर्षीय पत्नी अर्चना को तीन दिन पहले बुखार आया तो अमेठी जिला के जगदीशपुर कस्बे स्थित एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया, वहां मंगलवार की रात तबीयत ज्यादा खराब हो गई तो परिवार जन लखनऊ दिखाने जा रहे थे रास्ते में रात 11 बजे उसने दम तोड़ दिया। इस संबंध में सीएचसी प्रभारी हैदरगढ़ डॉक्टर ओमप्रकाश कुरील का कहना है कि सत्य प्रकाश की पत्नी अर्चना की मौत प्वाइजनिंग से हुई है।
ये भी पढ़ें -हैदराबाद से नौकरी का झांसा देकर युवती को लाये लखनऊ, किया गैंगरेप - आज पुलिस भेजेगी जेल
