बरेली: जिले में 37 केंद्रों पर 16320 अभ्यर्थी देंगे प्रारंभिक पात्रता परीक्षा
बरेली, अमृत विचार। जिले में 37 केंद्रों पर 16320 अभ्यर्थी प्रारंभिक पात्रता परीक्षा (पीईटी ) देंगे। प्रशासन ने सभी केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेटाें की तैनाती की है। 28 और 29 अक्टूबर को होने वाली परीक्षा को लेकर गुरुवार को डीएम रविंद्र कुमार ने विकास भवन में अफसरों के साथ बैठक कर जिम्मेदारों को जरूरी निर्देश दिए।
डीएम ने बताया कि दोनों दिन परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 10 से 12, दूसरी पाली में 3 से 5 बजे के बीच परीक्षा संपन्न होगी। इसके लिए 40 स्टेटिक और 12 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया जाएगा।
आधा घंटा पहले केंद्रों को बंद करना होगा। इस समयावधि में किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा। अभ्यर्थी प्रवेश पत्र और पहचान पत्र के साथ केंद्रों पर आएं। परीक्षा केंद्रों पर क्लाक रूम और हेल्प डेस्क की व्यवस्था रहेगी। सीडीओ जग प्रवेश, एडीएम सिटी सौरभ दुबे, डीआईओएस देवकी सिंह आदि मौजूद रहे।
अभ्यर्थियों को पूरा समय देने के आदेश
डीएम ने अभ्यर्थियों को बराबर समय देने के लिए कहा कि जिस तरफ से प्रश्न पत्र बांटे जाएं, उसी तरफ से उत्तर पुस्तिकाओं को संलग्न करें। स्कूल की घड़ियों का समय मिलाकर एक समान करने के आदेश दिए। प्रश्न पत्रों को खोलते समय नामित लोगों की ही उपस्थिति रहे।
परीक्षा केंद्राें पर सीसीटीवी कैमरे चालू रहने के आदेश दिए। केंद्र व्यवस्थापक अपने हस्ताक्षर से कक्ष निरीक्षक की ड्यूटी लगाएं। परीक्षा केंद्रों के अन्दर इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को ले जाने पर रोक रहेगी। केंद्रों के आसपास फोटोकापी आदि की दुकानें निर्धारित समयावधि में बंद रहेंगी।
यह भी पढ़ें- बरेली: फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर भाजपाइयों ने थाने पहुंचकर काटा हंगामा
