मुरादाबाद: एटीएम बदलकर 2.5 लाख उड़ाए, डेढ़ माह बाद रिपोर्ट दर्ज
मुरादाबाद, अमृत विचार। पाकबड़ा थाना क्षेत्र में ठगों ने युवक का एटीएम बदलकर 2.5 लाख रुपये उसके खाते से उड़ा दिए। एसपी सिटी के आदेश पर पाकबड़ा पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मझोला थाना क्षेत्र में खदाना निवासी नेमचंद्र ने तहरीर में बताया कि 3 सितंबर को वह पाकबड़ा थाने के सामने लगे एटीएम से पैसे निकालने गया था। वहां पर कुछ लोग एटीएम के बाहर खड़े थे। उनमें से एक ने पीड़ित की पैसे निकालने में मदद करने की बात कही। जिसमें पीड़ित ने इंकार कर दिया। तब उसने खुद को एटीएम कर्मचारी बताकर अंदर आ गया। जहां पीड़ित के पैसे मशीन में फंस गए।
जिसमें पीड़ित पैसे निकालने में लग गया। इतने में ठग ने एटीएम बदल लिया। जिसके बाद पीड़ित वहां से चला गया। कुछ देर बाद एटीएम से पैसे निकलने का मैसेज फोन पर आया। धीरे-धीरे पीड़ित के खाते से ठगों ने 2.5 लाख साफ कर दिए। पीड़ित ने थाने में इसकी शिकायत की। जिसमें पुलिस ने उसे साइबर सेल भेज दिया। अब पुलिस ने एसपी सिटी के आदेश पर मामले में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की है।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: डिडौरी, लाकड़ी फाजलपुर में ध्वस्त किया अवैध निर्माण, 18 दुकानें सील
