Kanpur: रोड कटिंग की रार में पीछे छूटा भ्रष्टाचार, महापौर प्रमिला पांडेय की बैठक में अवैध खोदाई की कोई जानकारी नहीं दे पाए अभियंता

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में महापौर प्रमिला पांडेय की बैठक में अवैध खोदाई की कोई जानकारी नहीं दे पाए अभियंता।

कानपुर में महापौर प्रमिला पांडेय की बैठक में अवैध खोदाई की अभियंता कोई जानकारी नहीं दे पाए। केस्को एमडी ने ठेकेदार कंपनी के इंजीनियरों को बैठाने पर शासन में शिकायत की। पीडब्ल्यूडी ने केईआई कंपनी को 41 लाख रुपये जमा करने का नोटिस दिया।

कानपुर, अमृत विचार। शहर में भूमिगत विद्युत केबिल डालने के लिए की जा रही खोदाई का मामला विभागीय तकरार के बीच वार और पलटवार में बदलने से भ्रष्टाचार का मुद्दा दब गया है। केस्को, नगर निगम और पीडब्ल्यूडी इस मामले में आमने-सामने हैं।

केस्को एमडी ने इंजीनियरों को नगर निगम में बैठाने और थाने भिजवाने की शिकायत शासन में की है, तो पीडब्ल्यूडी भी अपनी सड़क खोदे जाने पर नगर निगम के विरोध में आ गया है। उधर, महापौर के कड़े रूख के बाद भी निगम अभियंता यह बताने में आनाकानी कर रहे हैं कि अनुमति से कितनी ज्यादा खोदाई केस्को की ठेकेदार कंपनी ने की है।  

महापौर ने नवाबगंज में छापा मारकर केस्को की अवैध रोड कटिंग पकड़ी थी। इस मामले में नगर निगम अभियंताओं को कठघरे में खड़ा करते हुए उन्होंने दो दिन में अनुमति के विपरीत की गई खोदाई की नापजोख कर रिपोर्ट मांगी थी। लेकिन शुक्रवार को जब महापौर ने अधिशाषी अभियन्ताओं के साथ बैठक की, तो भूमिगत विद्युत केबिल डालने के लिए कितनी दूरी की अनुमति दी गयी और कितना धन जमा कराया गया।

कितनी अतिरिक्त खोदाई की गयी जैसे सवालों का कोई अभियन्ता स्पष्ट उत्तर नहीं दे पाया। इस पर महापौर ने नाराजगी जताते हुए फटकार लगाई और अगली बैठक में पूरी नाप-जोख करके आने को कहा। 

उधर, केस्को एमडी सैमुअल पॉल एन ने मामले की शासन में शिकायत की है। उन्होंने पॉवर कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष को लिखे पत्र में लाइन लॉस कम करने के लिए ओएचई लाइन को अंडरग्राउंड करने का काम कर रही केईआई कंपनी के इंजीनियरों के साथ नगर निगम के अमर्यादित व्यवहार की शिकायत करते हुए कहा  है कि पहले इंजीनियरों को निगम में बिना पंखा और एसी के बैठाया गया, फिर नवाबगंज पुलिस ने थाने में पांच घंटे बैठाए रखा। हस्तक्षेप के बाद तीनों इंजीनियरों को छोड़ा गया।

जबकि नगर निगम को 4800 मीटर रोड कटिंग के लिए 36.42 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है। केबिल डालने के बाद 15 अक्टूबर को मार्ग मोटरेबल भी कर दिया गया। पत्र में केस्को एमडी ने नगर निगम को दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की है। इस प्रकरण में अब डीएम विशाख जी ने नगर आयुक्त शिवशरणप्पा जीएन से जवाब मांगा है।

इस बीच पीडब्लूडी के अधिशाषी अभियंता ने केईआई कंपनी की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए आपत्ति जताई है कि बिना अनुमति अनवरगंज स्टेशन के पास 100 मीटर और अफीमकोठी चौराहे के पास 250 मीटर रोड की खोदाई कर दी है। कंपनी से रोड कटिंग के लिए 34.52 लाख की मांग की गई थी। लेकिन उसने कोई पैसा जमा नहीं किया। पीडब्ल्यूडी ने कंपनी को 41 लाख 30 हजार रुपये जमा करने का नोटिस दिया है।

संबंधित समाचार