भारत ने दिखाया बड़ा दिल, फिलिस्तीन के लोगों को मानवीय सहायता भेजी 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। भारत ने आज भारतीय वायु सेना के एक विमान से फिलिस्तीन के लोगों के लिए 38.5 टन चिकित्सा एवं राहत सामग्री भेजी। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने आज यहां बताया कि भारतीय वायु सेना के सी 17 परिवहन विमान से फिलिस्तीन के लोगों के लिए लगभग 6.5 टन चिकित्सा सहायता और 32 टन आपदा राहत सामग्री भेजी गई है। 

उन्होंने कहा कि यह विमान मिस्र में एल-अरिश हवाई अड्डे पर राहत सामग्री उतारेगा, जहां से यह गाजा पट्टी इलाके में अंतरराष्ट्रीय रेडक्रास के जरिए पहुंचायी जाएगी। उन्होंने कहा कि भेजी गई राहत सामग्री में आवश्यक जीवन रक्षक दवाएं, सर्जिकल उपकरण, तंबू, स्लीपिंग बैग, तिरपाल, स्वच्छता सुविधाएं, जल शुद्धिकरण टैबलेट सहित अन्य आवश्यक वस्तुएं शामिल हैं। 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा गाजा के एक अस्पताल में नागरिकों की मौत पर संवेदना व्यक्त करने तथा इजराइल-फलस्तीन मुद्दे पर भारत की लंबे समय से चली आ रही ‘सैद्धांतिक स्थिति’ को दोहराने के तीन दिन बाद भारत ने यह सहायता भेजी है।

प्रधानमंत्री ने बृहस्पतिवार को फलस्तीन प्राधिकरण के राष्ट्रपति महमूद अब्बास से कहा कि भारत फलस्तीन के लोगों के लिए मानवीय सहायता भेजना जारी रखेगा। भारत संयुक्त राष्ट्र राहत और कार्य एजेंसी (यूएनआरडब्ल्यूए) में योगदान के माध्यम से फलस्तीन और फलस्तीनी शरणार्थियों का समर्थन करता रहा है। 

ये भी पढ़ें- मध्य प्रदेश: कांग्रेस को उम्मीद, कड़े मुकाबले में 22 सीटों पर मुस्लिम वोट निर्णायक हो सकते हैं 

संबंधित समाचार