मुरादाबाद : दहेज में पांच लाख व कार की मांग पूरी न होने पर विवाहिता से मारपीट, 11 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
मुरादाबाद, अमृत विचार। सिविल लाइन थाना क्षेत्र निवासी महिला ने अगवानपुर निवासी अपने ससुराल वालों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया है। आरोप है कि ससुराल वाले दहेज में कार व 5 लाख की मांग पूरी न होने पर आए दिन उसके साथ मारपीट करते थे।
थाना क्षेत्र निवासी पीड़िता ने तहरीर में बताया कि उसके निकाह अगवानपुर निवासी मगरूव के साथ हुआ था। निकाह में मिले दान दहेज से ससुराल वाले खुश नहीं थे। वह आए दिन उससे दहेज में अतिरिक्त कार व पांच लाख की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर उसे मानसिक व शारीरिक कष्ट देने लगे। आरोप है कि बीते दिनों ससुराल वालों ने दहेज की मांग की। महिला ने जब इसका विरोध किया तो, ससुराल वालों ने उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया।
थाना प्रभारी राम प्रसाद शर्मा ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर 11 नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। जांच में मिलने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद में डबल मर्डर, भतीजे और उसकी पत्नी की हत्या कर खुद थाने पहुंचा आरोपी चाचा ...जानिए फिर क्या हुआ?
