लखनऊ : केजीएमयू के चार हजार कर्मचारियों को अभी तक नहीं मिला वेतन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) में करीब 4000 आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को अभी तक वेतन नहीं मिल पाया है। यह पहला महीना नहीं है जब आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को वेतन मिलने में देर हुई हो। यह समस्या बीते तीन महीने से आउटसोर्सिंग कर्मचारी झेल रहे हैं।

बताया जा रहा है कि बीते तीन महीने से कर्मचारियों को वेतन 15 से 25 तारीख के बीच में मिल रहा है, लेकिन अक्टूबर महीने में त्योहारों की शुरूआत होने से कर्मचारियों को जल्द वेतन मिलने की उम्मीद थी। उस पर भी पानी फिरता नजर आ रहा है। समय पर वेतन न मिलने से परेशान आउटसोर्स कर्मचारियों ने सोमवार को प्रशासनिक भवन पर इकट्ठा होने का मन बनाया है। हालांकि अवकाश का दिन होने की बात सामने आने के बाद अभी असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

नाम न छापने की शर्त पर आउटसोर्स कर्मचारियों ने बताया कि मिश्रा सिक्योरिटी, जीम (XEAM) कंपनी और अरूणोदय कंपनी के तहत काम करने वाले आउटसोर्स कर्मचारियों को अभी तक वेतन नहीं मिल पाया है। जबकि दूसरी कंपनी के तहत काम करने वाले करीब 2 हजार कर्मचारियों को समय पर वेतन दिया गया है। कर्मचारियों ने कहा उनके साथ दो तरह का व्यवहार हो रहा है। इससे पहले महीने की सात तारीख तक पैसा आ जाया करता है, लेकिन बीते तीन महीने से वेतन देर से मिलने की दिक्कत आ रही है। इस मामले में आउटसोर्सिंग कंपनी XEAM  के संचालक से बात करने की कोशिश की गई। जिससे समस्या का असल कारण जाना जा सके, लेकिन बात नहीं हो पाई।

बता दें कि जिन कर्मचारियों को अभी तक वेतन नहीं मिला है, उनमें नर्सिंग स्टाफ, टेक्नीशियन, कंप्यूटर ऑपरेटर समेत कई कर्मचारी शामिल हैं।

केजीएमयू के प्रवक्ता डॉ. सुधीर सिंह ने कहा है कि बहुत से लोगों को वेतन मिल चुका है। जिन लोगों को अभी तक वेतन नहीं मिला है। जल्द ही उनकों भी वेतन मिल जायेगा।

यह भी पढ़ें : गोरखपुर में बोले सीएम योगी आदित्यनाथ- सभी को रोजगार मिले यही सरकार का मिशन

संबंधित समाचार