VIDEO: जिम करने के हुआ विवाद… बाहर निकलकर भिड़े दो पक्ष, युवक को चाकू से गोदा, कानपुर में इलाज के दौरान मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जालौन में लड़ाई के दौरान एक युवक ने दूसरे को चाकू मार दिया।

जालौन में जिम सेंटर के बाहर दो युवक भिड़ गए। इस पर एक युवक ने दूसरे को चाकू मार दिया। घायल युवक की कानपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई।

जालौन, अमृत विचार। जिम सेंटर के अंदर एक्सरसाइज करने के दौरान हुआ मामूली विवाद इस कदर बढ़ा की दोनों पक्ष बाहर निकल गए। इसके बाद एक युवक को दूसरे ने अपने साथियों के साथ मिलकर चाकू मार दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जिम सेंटर संचालक और अन्य साथी दौड़े और घायल को जिला अस्पताल ले गए। यहां पर उपचार के बाद डाक्टरों ने हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया।

मौके पर पहुंचे परिजन राजकीय मेडिकल कॉलेज ले गए। जहां से कानपुर रेफर किया। वहां पर उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। मृतक के बाबा ने उरई पुलिस को तहरीर दी है।

शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला राजेंद्र नगर निवासी हर्ष बाल्मीकि 23 वर्ष पुत्र प्रदीप की कानपुर में उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक के बाबा महेश वाल्मीकि पुत्र रघुनाथ ने उरई कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि हर्ष शनिवार को कृष्णा टाकीज चंद्र नगर में स्थित देवा जिम सेंटर पर अपने साथी अनिकेत के साथ जिम करने के लिए गया हुआ था।

वहां पर एक्सरसाइज करने आए नदीगांव निवासी योगेश तिवारी ने उसके साथ जाति सूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। उसने उसके साथ जिम न करने की पहले चेतावनी भी दी थी। शनिवार को भी विवाद किया। कुछ देर बाद सभी लोग जिम से बाहर निकल आए और रोड पर आपस में झगड़ा करने लगे।

इस दौरान ही योगेश ने अपने दो अन्य साथियों के साथ हर्ष को पेट में चाकू मार दिया और भाग गए। घायल की हालत देख उसके साथियों में हड़कंप मच गया और वह उसे घायलावस्था में जिला अस्पताल ले गए जहां से उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया और फिर वहां से हालत नाजुक होने पर हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। परिजन उसे कानपुर ले गए जहां पर उपचार के दौरन उसकी मौत हो गई।

मौत की खबर जैसे ही उरई आई तो हर्ष के घर पर चीख पुकार मच गई। पड़ोसी भी पहुंच गए, और परिजनों को सांत्वना देते रहे। कानपुर में ही मृतक के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उरई में मृतक के बाबा ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर कार्रवाई आगे बढ़ा दी। जहां पर यह घटना घटी वहां सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ था। पूरी घटना कैमरा में कैद हो गई। पुलिस ने कैमरे के फुटेज भी चेक किए है।

जालौन रोड पर डांस क्लासेज चलाता था मृतक

राजेंद्र नगर निवासी 23 वर्षीय हर्ष बाल्मीकि जालौन रोड पर एक डांस क्लासेज चलाता था। उसके मित्रों का कहना है कि वह बहुत ही होनहार और मेहनती था। वह फिट रहने के लिए प्रतिदिन जिम में एक्सरसाइज के लिए जाता था। शाम के वक्त जब वह जिम कर रहा था तो वजन उठाने को लेकर कुछ कहा सुनी दोनों में हुई थी। फिलहाल पूरे मामले की पुलिस पड़ताल करने में जुटी है।

 

संबंधित समाचार