शाहजहांपुर: दशहरा पर रूट डायवर्जन किया पर जाम से जूझने के लिए तैयार रहें
यातायात नियंत्रण पर प्लानिंग नहीं, दोपहर बाद से लगा जाम
फोटो- खिरनीबाग चौराहे पर लगा जाम।
शाहजहांपुर, अमृत विचार। दशहरा पर मंगलवार और बुधवार को रामलीला और दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के चलते शहर में जाम लगना तय है। शहर में तो वाहन लेकर निकलना मुश्किल ही होगा, क्योंकि संकरे रास्ते और त्योहारों के चलते बाजार में भीड़ है। सोमवार को ही इसका नमूना उस समय देखने को मिल गया, जब कन्या भोज के लिए कुछ ट्रालियां शहर से होकर हनुमत धाम तक पहुंची। इस दौरान खिरनीबाग चौराहा और अंटा चौराहे के पास दोपहर बाद से शाम तक जाम लगा रहा।
महानगर में ओसीएफ व खिरनीबाग रामलीला मैदान पर दशहरा मेला को देखते हुए तीन दिन तक रूट डायवर्जन तो कर दिया गया है, लेकिन इन सड़कों पर गलियों से आने वाले वाहनों की रोकथाम की कोई प्लानिंग नहीं की गई है। मंगलवार को खिरनीबाग रामलीला में रावण के पुतले का दहन होगा। दशहरा पर रामलीला में काफी भीड़ रहती है। वहीं बुधवार को ओसीएफ रामलीला में पुतला दहन किया जाएगा।
दशहरे के मौके पर भीड़ से निपटने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने 24 से 26 अक्टूबर तक रूट डायवर्जन का खाका तैयार कर लिया है। इस दौरान दोपहर दो से रात 12 बजे तक रूट डायवर्जन रहेगा, लेकिन गलियों से होकर बाजारों और सड़कों पर आने वाले दुपहिया और चौपहिया वाहनों की रोकथाम के लिए कोई प्लानिंग नहीं की गई है। इससे घर से निकलने वालों को जाम झेलने के लिए तैयार रहना होगा।
ओसीएफ रामलीला के चलते ये रास्ते बंद रहेंगे
- मछली मार्केट तिराहा से शहर की ओर आने वाले वाहन मेला समाप्ति तक पूर्णतया बंद रहेंगे
- पीडब्ल्यूडी तिराहा से डिपो तिराहा की तरफ किसी वाहन को नहीं जाने दिया जाएगा
- ग्वाल टोली चौराहा व डिपो तिराहा के मध्य सभी प्रकार के आने जाने वाले वाहन प्रतिबंधित रहेंगे
- रोडवेज, रैनबसेरा तिराहा, दुर्गा तिराहा से डिपो तिराहा की तरफ वाहन नहीं चलेंगे
- त्रिमूर्ति तिराहा से दुर्गा तिराहा की तरफ वाहनों को नहीं जाने दिया जाएगा
इन रास्तों से गुजरेंगे वाहन
रेलवे स्टेशन के लिए शहर से आने वाले वाहन घंटाघर की तरफ से लाल इमली चौराहा से मालगोदाम रोड होते हुए रेलवे स्टेशन के लिए जाएंगे। राजघाट कनौजिया तिराहा की तरफ से आने वाले वाहन हद्दफ की तरफ से सुभाष चौराहा से मालगोदाम रोड होते हुए रेलवे स्टेशन को जाएंगे। हथौड़ा चौराहे की तरफ से रेलवे स्टेशन के लिए रिंग रोड से होकर मछली मार्केट तिराहा, महिला थाना तिराहा की तरफ से जाएंगे।
दशहरा पर यातायात व्यवस्था के लिए 24 से 26 अक्टूबर तक रूट डायवर्जन किया गया है। रूट डायवर्जन का पालन न करने और गलियों या शार्ट कट से मुख्य मार्गों और बाजारों में जाने की कोशिश करते पकड़े जाने पर जुर्माने आदि की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी, जिसके लिए ट्रैफिक सिपाही और होमगार्ड्स मुस्तैद रहेंगे---जगदीश लाल टम्टा, सीओ यातायात।
यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: क्रिकेट खेल रहे युवक को लगा करंट, मौत
