बदायूं: गला घोंटकर किशोर की हत्या, खेत में मिला शव
बिल्सी, अमृत विचार। सोमवार शाम से लापता कोतवाली बिल्सी क्षेत्र के गांव अहमदगंज निवासी किशोर का शव मंगलवार को उसके खेत में मिला। गमछे से ही गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई।
परिजनों ने गले से गमछा निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। उस दौरान किशोर के शव के पास गमछा पड़ा था। गले पर निशान थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिवार में कोहराम मचा है।
गांव अहमदगंज निवासी सुरेश यादव का 16 साल का बेटा विकास यादव सोमवार दोपहर लगभग चार बजे घर से अचानक लापता हो गया था। परिजनों ने देर रात तक इधर-उधर तलाश की लेकिन कहीं पता नहीं चल सका। मंगलवार शाम विकास यादव के परिजन उसे तलाशते हुए गांव के पास बाजरा के खेत पर पहुंचे।
जहां विकास यादव का शव पड़ा मिला। उसके गले में सफेद रंग का गमछा कसा हुआ था। परिजनों ने गले से गमछा निकाला। गले पर चोट के निशान थे। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस पहुंची। किशोर की पेंट की जेब की तलाशी ली। जिसमें मोबाइल निकला। पुलिस ने कॉल डिटेल निकलवाई है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। ग्रामीणों से पूछताछ की। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। जिसमें मौत का कारण स्पष्ट होगा। कोतवाली बिल्सी के प्रभारी निरीक्षक ब्रजेश कुमार सिंह ने बताया कि किशोर की मौत की सूचना पर मौके पर पहुंचे थे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। जिसकी रिपोर्ट के बाद कारण स्पष्ट हो जाएगा। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- बदायूं: मकान में आग लगने से तीन लोगों की मौत, दो गंभीर रूप से घायल
