रिपब्लिकन पार्टी ने माइक जॉनसन को प्रतिनिधि सभा के स्पीकर पद के लिए किया नामांकित
वाशिंगटन। रिपब्लिन पार्टी के सांसदों ने माइक जॉनसन को अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के स्पीकर पद के लिए नामांकित किया है। सांसदों ने पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और कुछ अन्य कट्टर रिपब्लिकन सांसदों के विरोध के बीच टॉम एमर के नामांकन वापस लेने के बाद यह कदम उठाया है।
लुइसियाना की चौथी कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट का प्रतिनिधित्व करने वाले जॉनसन प्रतिनिधि सभा में रिपब्लिकन नेतृत्व का सदस्य होने के साथ-साथ संवैधानिक मामलों में विशेषज्ञता रखने वाले एक वरिष्ठ वकील भी हैं।
उन्होंने 2020 में हुए राष्ट्रपति चुनाव के नतीजों को चुनौती देने के ट्रंप के कानूनी प्रयासों में रिपब्लिकन सांसदों को एकजुट करने में अहम भूमिका निभाई थी। केविन मैक्कार्थी के इस महीने की शुरुआत में प्रतिनिधि सभा के स्पीकर पद से इस्तीफा देने के बाद उपजे हालात से निपटने के लिए रिपब्लिकन पार्टी के सांसद बुधवार शाम को बंद दरवाजे के पीछे एक अहम बैठक भी करने वाले हैं।
