लखनऊ: Azam Khan से अजय राय की मुलाकात पर सपा का तंज, कहा- बीजेपी और कांग्रेस एक है
लखनऊ, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को लेकर यूपी के राजनीतिक गलियारे में जमकर माहौल गरम है। इसी बीच कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय गुरुवार को आजम खान से मिलने सीतापुर जेल गए थे। दरअसल, इन दिनों कांग्रेस पार्टी मुस्लिम वोटरों को साधने में जुटी है। जिसको लेकर समाजवादी पार्टी बुरी तरह तिलमिलाई गई है। वहीं आजम खान से अजय राय की मुलाकात को लेकर सपा प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।
फखरुल हसन चांद ने कहा कि बीजेपी और कांग्रेस दोनों एक ही हैं। समाजवादी पार्टी आजम खान की लड़ाई को पूरी मजबूती के साथ लड़ रही है। उन्होंने कहा कि अजय राय अगर आजम खान से मिलने जाते भी हैं तो इससे कोई फायदा होने वाला नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि अजय राय बीजेपी की ओर से प्रतिनियुक्ति के तौर पर कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष बने हैं और उनकी भाषा वहीं है जो बीजेपी की भाषा है।
फखरूल हसन चांद ने कहा कि आज देश और प्रदेश में भाजपा की सरकार है। इसके लिए अगर कोई जिम्मेदार है तो वो खुद कांग्रेस है। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस की पहले की सरकारों की जनविरोधी नीतियों की वजह से आज बीजेपी की सरकार है। कांग्रेस और बीजेपी ने हमेशा अल्पसंख्यकों पर अत्याचार किया है। कांग्रेस और बीजेपी के जो पाप हैं वो अजय राय के आजम खान से मिलने से धुलने वाले नहीं है।
ये भी पढ़ें -प्रधानमंत्री मोदी शिरडी पहुंचे, साईंबाबा समाधि मंदिर में की पूजा-अर्चना
