अमेठी में बुलडोजर से ढहाया अवैध निर्माण, शिकायत पर प्रशासन का एक्शन   

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमेठी, अमृत विचार। जायस कस्बे में बेशकीमती जमीन पर सालों से तालाब व नवीन परती की सरकारी जमीन पर हुए अवैध कब्जे पर प्रशासन की टीम ने शुक्रवार को बुलडोजर चला दिया। अतिक्रमणणी ने विरोध भी किया लेकिन मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद था। प्रशासन ने फिर से अवैध कब्जा करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी। 

तिलोई तहसील क्षेत्र के कस्बा जायस में बेशकीमती तालाब व नवीन परती की भूमि पर कस्बे के ही रहने वाले मो. कय्यूम पुत्र मो. हुसैन ने सालों पहले कब्जा कर लिया था। राजस्व अभिलेखों में दर्ज गाटा संख्या 6077 रकबा 0.177 तालाब व गाटा संख्या 6078 नवीन परती की जमीन पर पक्के और कच्चे निर्माण करने के साथ ही टीनशेड डाल दिया था। इसकी शिकायत कस्बे के ही रहने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. मकसूदूल हसन के बेटे महफूज ने इसी माह बीते 7 अक्टूबर को डीएम राकेश कुमार मिश्र से सम्पूर्ण समाधान दिवस में की थी। 

प्रशासन की तरफ से पैमाइश के बाद अतिक्रमण करने वाले जमीन के दस्तावेज नहीं पेश कर पाए थे। उन्हें अवैध कब्जा हटाने के लिए लगातार नोटिस जारी किए गए, लेकिन अवैध कब्जों को नहीं हटाया गया था। शुक्रवार को नायब तहसीलदार एके कुशवाहा, राजस्वकर्मी मनोज गौतम, शिवओम थारू की मौजूदगी में एसआई सकील अहमद सहित भारी पुलिस बल और महिला पुलिस के साथ दोपहर बाद बुलडोजर से अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई की गई। कुछ लोगों ने अतिक्रमण हटाने का हल्का विरोध किया लेकिन पुलिस के सामने उनकी एक नहीं चली। वहीं अतिक्रमणी मो. कय्यूम ने नायाब तहसीलदार पर विपक्षियों से मिल पैसा लेकर पेशबंदी में निर्माण ढहाए जाने का आरोप लगाया है।

ये भी पढ़ें -लखनऊ में बोले अखिलेश यादव - भाजपा सरकार में चरम पर है भ्रष्टाचार

संबंधित समाचार