हल्द्वानी: नैब घिनौनी करतूत - चौथी दिव्यांग के साथ भी अश्लील हरकतें करता था धानक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। नैब के संचालक और महासचिव के पद पर आसीन श्याम सिंह धानक की मुश्किलें और बढ़ गईं हैं। पुलिस जिस चौथी पीड़िता की तलाश कर रही थी अब वह भी सामने आ गई। इस चौथी दिव्यांग पीड़िता ने भी धानक के ऊपर गंभीर आरोप लगा दिए हैं। अब पुलिस बयानों को न्यायालय में दाखिल करने की तैयारी कर रही है, लेकिन इससे पहले धानक से एक बार और पूछताछ की जा सकती है। 

श्याम सिंह धानक 13 अक्टूबर से जेल में बंद है। पहली पीड़िता ने धानक पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी और तहरीर में दो और पीड़िताओं के नाम लिखे थे। इन दोनों पीड़ितों ने भी आरोपों की पुष्टि की और एक और चौथी पीड़िता का नाम लिया। ये पीड़िता नैब में ही पढ़ती थी, लेकिन फिर उसने नैब छोड़ दिया।

इधर, छुट्टी से लौटने के बाद जांच अधिकारी लता खत्री चौथी पीड़िता की तलाश में जुटीं और उसके घर तक पहुंच गईं। जहां उसने बताया कि धानक उसके साथ अश्लील हरकतें और छेड़खानी करता था। चौथी पीड़िता के बयान दर्ज करने के बाद पुलिस की टीम एक बार फिर नैब पहुंची और बच्चों को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए कहा कि यदि इस मामले में किसी को कुछ और बताना है तो वह बिना डरे बता सकता है।