Kanpur: हमीरपुर में युवक ने खाया जहर… परिजन ले कर भागे हैलट, जाम में फंसकर मौत, सिस्टम को कोसकर फूट-फूटकर रोए
कानपुर में जाम में फंसकर एंबुलेंस में मरीज की मौत।
हमीरपुर के गांव डेरा में एक युवक ने घर में जहर खा लिया। आनन-फानन में परिजन हैलट अस्पताल लेकर भागे। लेकिन एंबुलेंस में जाम में फंसकर युवक की मौत हो गई।
कानपुर, अमृत विचार। जाम में अगर एंबुलेंस फंसी तो जिम्मेदार पर कार्रवाई की जाएगी। यह निर्देश पुलिस कमिश्नर डॉ आर के स्वर्णकार ने दिए थे। इसके बावजूद खूनी हाईवे घाटमपुर के जाम ने एक और जान ले ली।
जिला हमीरपुर के एक गांव में जहर खाए युवक को नाजुक हालत में डॉक्टरों ने हैलट अस्पताल रेफर कर दिया लेकिन घाटमपुर में लगे ट्रकों के जाम में फंसकर एंबुलेंस में ही युवक की सांसें थम गईं। इस दौरान परिजन लचर व्यवस्था को कोसते हुए फूट-फूटकर रोए। इसके बाद परिजन किसी तरह एंबुलेंस को जाम से निकलवाकर शव को गांव लेकर चले गए।
हमीरपुर में स्थित सदर कोतवाली के चुनकू का डेरा गांव में 25 वर्षीय लालजी निषाद पेशे से पेंटर था। दो बेटियों के पिता लालजी ने शनिवार की देर शाम हमीरपुर में पुताई का काम समाप्त करने के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खा लिया। इससे उसकी हालत बिगड़ गई। आनन-फानन में परिजन उसे बेहोशी की हालत में लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जहां से उसे हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मृतक के छोटे भाई राजेश ने बताया कि कानपुर ले जाते समय घाटमपुर में लगे लंबे जाम की वजह से उसके भाई की एंबुलेंस के अंदर ही इलाज के अभाव में मौत हो गई। इस पर परिजन शव लेकर वापस आ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
राजेश ने बताया कि उसके एक और भाई ने इसी साल फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। अभी परिजन इस घटना से ठीक से उबर भी नहीं पाए थे कि लालजी ने भी जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। इस संबंध में घाटमपुर प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि जाम नहीं लगा था। हाईवे होने के कारण पुलिस लगातार मुस्तैद रहती है। जाम में कोई भी एंबुलेंस नहीं फंसी थी।
ये भी पढ़ें- Karwa Chauth 2023: कानपुर में करवाचौथ के दिन कितने बजे निकलेगा चांद… जानें- समय और पूजा का मुहूर्त
