SGPGI में तैनात डाक्टर चंद्रशेखर बाजपेयी जांच में पाए गए दोषी, अब नहीं कर सकेंगे संस्थान में काम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ अमृत विचार। राजधानी स्थित एसजीपीजीआई की इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर की सेवाएं समाप्त कर दी गई है। डाक्टर चंद्रशेखर बाजपेयी पर यह कार्रवाई उनके लापरवाह रवैये के चलते की गई है।

दरअसल शनिवार रात संजय गांधी पीजीआई के इमेरजैंसी मेडिसिन विभाग में गंभीर अवस्था में लाये गए भूतपूर्व सांसद के बेटे प्रकाश मिश्रा को त्वरित व शीघ्र प्राथमिक उपचार न मिलने के कारण हुई मृत्यु के मामले में यह कार्यवाही हुई है। इस मामले में एसजीपीजीआई प्रशासन ने जांच के लिए संस्थान के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय जांच कमेटी का गठन किया था। 

इस तीन सदस्यीय जांच समिति ने इस प्रकरण मे दो दिन कार्यवाही की। कमेटी ने गहन और विस्तृत जांच के उपरांत अपनी रिपोर्ट को संस्थान के निदेशक प्रो आर के धीमन के समक्ष सोमवार रात्रि 9.30 को प्रस्तुत किया। इस रिपोर्ट को उत्तर प्रदेश सरकार के चिकित्सा शिक्षा एवं चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग को सौंप दिया गया है। साथ ही इमर्जेंसी मेडिकल ऑफिसर डाक्टर चंद्रशेखर बाजपेयी को संस्थान की सेवाओं से कार्यमुक्त कर दिया गया।


दरअसल, पूर्व सांसद भैरों प्रसाद मिश्रा के बेटे प्रकाश मिश्रा (40) के किडनी का इलाज एसजीपीजीआई में बीते एक साल से चल रहा था। शनिवार को प्रकाश मिश्रा की तबीयत अधिक खराब हो गई। जिसके बाद परिजन मरीज को लेकर एसजीपीजीआई के इमरजेंसी पहुंचे, लेकिन वहां पर मौजूद चिकित्सक ने मरीज को भर्ती करने से मना कर दिया। भर्ती न करने का कारण बेड न होना बताया। जिसके बाद पूर्व सांसद भैरों प्रसाद ने इमरजेंसी के चिकित्सक से डिप्टी सीएम बृजेश पाठक की तरफ से भेजे गये संदेश की भी जानकारी दी। इस पर चिकित्सक ने कहा कि डिप्टी सीएम से बात करें, वहीं कुछ कर सकते हैं, मैं कुछ नहीं कर सकता। परिजन मरीज को इलाज देने के लिए कहते रहे और चिकित्सक ने हाथ खड़े कर लिये। रात करीब 12 बजे के बाद मरीज की मौत हो गई। जिसके बाद पूर्व सांसद एसजीपीजीआई में धरने पर बैठ गये थे।

पूर्व सांसद के धरने पर बैठने की बात को सुनकर एसजीपीजीआई के निदेशक प्रोफेसर आरके धीमान मौके पर पहुंच गए थे और उन्होंने कार्रवाई का भरोसा दिया था जिसके बाद आज यह कार्रवाई की गई है।

ये भी पढ़ें -CM योगी और धामी देख रहे 'तेजस' की स्पेशल स्क्रीनिंग, कई नेता मौजूद

संबंधित समाचार