बरेली: सड़क पर फैला निजी अस्पताल का 'मेडिकल वेस्ट', संक्रमण का खतरा
बरेली, अमृत विचार। चौपला चौराहे के पास संचालित एक निजी अस्पताल का गैर-जिम्मेदाराना और घोर लापरवाही का मामला सामने आया है। जिसमें अस्पताल प्रशासन पूरे मेडिकल वेस्ट को नियम अनुसार निस्तारण न करवाकर बाहर सड़क पर खुले में फेंक रहा है। जिससे इलाके में संक्रमण फैलने का खतरा मंडरा रहा है।
दरअसल, बरेली में इन दिनों पहले से ही डेंग-मलेरिया जैसी तमाम बीमारियों के मरीजों की संख्या बहुतायत में हैं। जिसके चलते अस्पताल मरीजों से खचाखच भरे हुए हैं। इसके बाद भी मेडिकल वेस्ट सड़क पर खुलेआम डालना गंभीर मामला है।
इससे इलाके के लोगों में खासा आक्रोश है। स्थानीय लोगों मुताबिक चौपला पर संचालित इस अस्पताल का संचालक बहुत ही दबंग किस्म का है। यही वजह है कि अस्पताल प्रशासन दबंगई पूर्वक शहर के लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कर रहा है।
बताते चलें कि शहर में अपनी रोजी-रोटी के लिए कूड़ा बीनने वाले मासूम बच्चे भी सड़क पर फैले इस मेडिकल वेस्ट के आस-पास नजर आए। जो दुर्गंध के बीच कूड़ा बीनते देखे जा सकते हैं। जिससे शहर में नगर निगम और जिला प्रशासन पर भी सवालिया निशान लग रहा है।
बताते चलें कि सालों से चौपला पर संचालित यह अस्पताल मानक पूरे किए बिना धड़ल्ले से चल रहा है। क्योंकि इस अस्पताल में पार्किंग तक नहीं है। जिसकी वजह से अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों और तीमारदारों के वाहन सड़क पर ही खड़े किए जाते हैं, जिससे रोड से सरकारी एंबुलेंस समेत तमाम अन्य वाहन नहीं निकल पाते हैं और रास्ते में जाम लग जाता है।
इस दौरान राहगीरों का खासी परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं इस अस्पताल प्रशासन ने सड़क के साथ ही पास में बने नगर निगम के कूड़ा घर पर भी कब्जा कर रखा है और इस बार भी मामला प्रशासन के संज्ञान में हैं, लेकिन देखने वाली बात यह होगी, क्या इस अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कोई कार्रवाई होगी या फिर स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम प्रशासन यूं ही आंखें मूंदे रहेगा।
ये भी पढ़ें: बरेली: मोदी सरकार की अगुवाई में नारी शक्ति वंदन कानून लागू किया गया- अतिथि दुर्विजय शाक्य
