Kanpur News: डीसीपी पूर्वी ने शिकायतें मिलने के बाद 52 पुलिसकर्मियों को भेजा लाइन, इन थानों में थे तैनात
कानपुर में डीसीपी पूर्वी ने शिकायतें मिलने के बाद 52 पुलिसकर्मियों को भेजा लाइन।
कानपुर में डीसीपी पूर्वी लखन सिंह यादव ने चार्ज संभालते ही चकेरी और महाराजपुर पीआरवी में तैनात 52 कांस्टेबल, हेड कांस्टेबल और दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया। पुलिस को लगातार इनकी शिकायतें मिल रही थी।
कानपुर, अमृत विचार। चकेरी और महाराजपुर हाईवे पर लगातार पुलिस के वसूली की शिकायतें आ रही थीं। इसके साथ पुलिसकर्मियों के ट्रक चालकों के वीडियों भी वायरल हो रहे थे, जिससे पुलिस विभाग की लगातार फजीहत हो रही थी। एडीसीपी पूर्वी लखन सिंह यादव ने चार्ज संभालते हुए चकेरी और महाराजपुर पीआरवी में तैनात दरोगा और सिपाहियों पर बड़ी कार्रवाई की। एडीसीपी ने दोनो क्षेत्रों में तैनात 52 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया।
चकेरी और महाराजपुर क्षेत्र से नेशनल हाईवे पर मवेशी लदे वाहनों को दर्जनों बार पीआरवी में तैनात पुलिस कर्मियों के वसूली करते हुए वीडियो वायरल हुए थे। वीडियो वायरल होने के बाद हर बार संबंधित पीआरवी के जवानों को लाइन हाजिर या निलंबित करने की कार्रवाई की जाती थी, लेकिन वसूली का तिलिस्म नहीं टूट रहा था।

हाईवे पर जारी वसूली के खेल को पूरी तरह से बंद करने के लिए एडीसीपी पूर्वी लखन सिंह यादव ने सख्त एक्शन लिया। उन्होंने चकेरी और महाराजपुर क्षेत्र में पीआरवी में तैनात सभी पुलिस कर्मियों को लाइन हाजिर करके वसूली के सिंडीकेट को तोड़ने की कोशिश की है। एडीसीपी पूर्वी लखन सिंह यादव ने बताया कि चकेरी व महाराजपुर हाईवे पर लगातार पीआरवी में तैनात पुलिसकर्मियों के वसूली के वीडियो वायरल हो रहे थे।
चर्चा थी कि चकेरी और महाराजपुर के हाईवे पर मवेशी लदे वाहनों और खनन की गाड़ियों से पुलिस वाले जमकर वसूली करते हैं। एडीसीपी ने पूर्वी क्षेत्र का कार्यभार संभालते ही सबसे पहले महाराजपुर थाना क्षेत्र में तैनात पीआरवी के 14 और चकेरी थाना क्षेत्र में तैनात 38 दरोगा, सिपाही और हेड कांस्टेबल को लाइन हाजिर कर दिया।
एडीसीपी ने वसूली के सिंडीकेट को तोड़ने के लिए बड़ी कार्रवाई की है। वहीं इससे पहले भी पर्चा वायरल हुआ था कि डायल-112 में हाईवे पर तैनाती के नाम पर वसूली का खेल चल रहा है। हाईवे पर जमकर वसूली हो रही और मोटी रकम लेकर दरोगा सिपाहियों की हाईवे पर ड्यूटी लगाई जाती है।
ये भी पढ़ें- Kanpur Kushagra Murder: एक बार लाल का चेहरा दिखा दो... मां हुई बेहोश, यहां देखें- घटनाक्रम की टाइमलाइन
