राजा भैया समर्थक को मुकदमे की पैरवी में मिली धमकी, सपा जिलाध्यक्ष गुलशन समेत तीन के खिलाफ मुकदमा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कुण्डा/प्रतापगढ़। मुकदमे में पैरवी करने पर राजा भैया समर्थक को धमकी मिली। मामले में तहरीर के आधार पर कुण्डा कोतवाली में सपा के कार्यवाहक जिलाध्यक्ष पूर्व चेयरमैन गुलशन यादव समेत तीन के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

कुण्डा के नरसिंहगढ़ निवासी फूलचन्द्र सोनकर उर्फ बुच्चा खटिक पुत्र लालता प्रसाद जनसत्ता दल लोकतांत्रिक पार्टी के अध्यक्ष व कुण्डा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के समर्थक है। बुच्चा ने कुण्डा कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि शुक्रवार शाम करीब साढ़े चार बजे बेटी की शादी का निमंत्रण देने काजीपुर गया था। वहां से लौटते समय अंजनी पुल से पहले पीछे से बिना नम्बर की बाइक से दो लोग आए गाली गलौज किये।

आरोप है कि बाइक सवार ने गुलशन यादव को कॉल किया। उधर से आवाज आई कि बुच्चा मैं चेयरमैन गुलशन यादव बोल रहा हूँ। मुकदमे की पैरवी बंद कर दो। नहीं तो तुम्हारी  हत्या कर दूंगा। पुलिस ने पूर्व चेयरमैन व सपा के कार्यवाहक जिलाध्यक्ष गुलशन यादव नामजद व दो अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ जान से मारने की धमकी और एससी-एसटी का मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रभारी निरीक्षक कमलेश पाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर गुलशन यादव समेत तीन के खिलाफ जानलेवा धमकी समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें -भदोही के कालीन उद्योग पर संकट के बादल, इजराइल-हमास युद्ध से पड़ेगा विपरीत असर

संबंधित समाचार