अयोध्या: मौसेरा भाई ही निकला बहन की हत्यारा, पुलिस ने भेजा जेल
अयोध्या, अमृत विचार। इनायतनगर थाना क्षेत्र के सोहवल सलोनी गांव में हुई युवती के हत्याकांड का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। जांच में मौसेरे भाई द्वारा ही सगी मौसेरी बहन की हत्या करके रिश्तो को कलंकित करने का खुलासा हुआ है। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बताते चलें …
अयोध्या, अमृत विचार। इनायतनगर थाना क्षेत्र के सोहवल सलोनी गांव में हुई युवती के हत्याकांड का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। जांच में मौसेरे भाई द्वारा ही सगी मौसेरी बहन की हत्या करके रिश्तो को कलंकित करने का खुलासा हुआ है। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
बताते चलें कि इनायत नगर थाना क्षेत्र के सोहवल सलोनी गांव के बड़ी मठिया में बीते 6 सितंबर की रात गांव गुलशन कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। उसका शव कमरे में संदिग्ध अवस्था में मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर युवती को मौत के घाट उतारे जाने का खुलासा हुआ था। जिसके बाद बीते 9 सितंबर को पुलिस ने युवती के भाई रोहित यादव की तहरीर पर अज्ञात के विरुद्ध हत्या का मुकदमा पंजीकृत कर छानबीन शुरू कर दी थी।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि युवती गुलशन कुमारी के सगी मौसी के बेटे विश्वनाथ यादव उर्फ चिंटू उर्फ करन निवासी देवकली माफी का युवती गुलशन के घर अक्सर आना-जाना लगा रहता था। युवक विश्वनाथ बस्ती जनपद के कलवारी बाजार के करीब स्थित एक एसआर पेट्रोल पंप पर नौकरी करता था। युवक पेट्रोल पंप से छुट्टी लेकर अपने घर निकला और अपना मोबाइल भी स्विच ऑफ कर दिया था। युवक अपनी मौसी के घर पहुंचा दीवार के सहारे छत पर चढ़ गया और अपनी मौसेरी बहन गुलशन कुमारी के पास उसके कमरे में पहुंच गया।
जहां काफी देर तक वह युवती गुलशन से बातें करता रहा। इसके बाद विश्वनाथ ने गुलशन के मोबाइल से बस्ती जनपद के कलवारी की रहने वाली अपनी प्रेमिका राधिका देवी से भी फोन पर बात की। जब गुलशन ने विश्वनाथ से प्रेमिका के साथ शादी करने की बात कही तो विश्वनाथ आग बबूला हो गया और दुपट्टे से कसकर गला दबाकर हत्या कर दी और छत से कूद कर भाग निकला। अगले दिन 7 सितंबर को युवक विश्वनाथ ने अपना मोबाइल फोन ऑन कर दिया और नौकरी करने पेट्रोल पंप की ओर चल पड़ा।
इसका खुलासा बस्ती जनपद के कलवारी निवासी उसकी प्रेमिका राधिका देवी ने करते हुए पुलिस को बताया कि विश्वनाथ ने मेरे मोबाइल पर अपनी मौसेरी बहन गुलशन के मोबाइल से फोन किया था। इसके बाद से शक की सुई युवक विश्वनाथ के इर्द-गिर्द घूमने लगी। इंस्पेक्टर विजय सेन सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने युवक विश्वनाथ को पकड़कर कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने युवती गुलशन की हत्या की सारी कहानी बयां कर दी। रविवार को पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया।
