बरेली: 71.25 फीसदी अभ्यर्थियों ने छोड़ी समीक्षा अधिकारी की परीक्षा
बरेली, अमृत विचार। रविवार को जिले के 31 केंद्रों पर लोक सेवा आयोग की समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी की परीक्षा सकुशल तरीके से संपन्न हुई। इस परीक्षा में कुल 14363 अभ्यर्थियों को शामिल होना था। मगर परीक्षा में महज 28.74 फीसदी ही अभ्यर्थी शामिल हुए। बाकी 71.25 फीसदी अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा को …
बरेली, अमृत विचार। रविवार को जिले के 31 केंद्रों पर लोक सेवा आयोग की समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी की परीक्षा सकुशल तरीके से संपन्न हुई। इस परीक्षा में कुल 14363 अभ्यर्थियों को शामिल होना था। मगर परीक्षा में महज 28.74 फीसदी ही अभ्यर्थी शामिल हुए। बाकी 71.25 फीसदी अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा को दो पालियों में संपन्न कराया गया।
पहली पाली की परीक्षा की सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक हुई। जबकि दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शुरू होकर 3:30 बजे तक चली। परीक्षा में कुल 14363 अभ्यर्थियों को शामिल होना था इसमें से केवल 4128 अभ्यर्थी ही शामिल हुए। बाकी 10235 अभ्यर्थियों ने परीक्षा को छोड़ दिया।
सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी गई। परीक्षा कक्ष के अंदर जाने से पहले सभी की थर्मल स्कैनिंग और सैनेटाइजेशन के बाद ही परीक्षार्थियों को अंदर जाने की अनुमति दी गई। मगर इस बीच भी अधिकांश परीक्षा केंद्रों पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन होता दिखाई नहीं दिया। परीक्षा छूटने के बाद परिक्षार्थियों को सेंटर से बाहर निकालने में भी लापरवाही देखने को मिली।
सवाल तो आसान थे, मगर घुमा कर पूछे गए थे
परीक्षा देकर बाहर आए अभ्यर्थियों ने बताया कि परीक्षा में सवाल तो आसान पूछे गए थे मगर उन्हें इतना घुमा दिया गया था कि वह कठिन लगने लगे। फर्रुखाबाद से आए आकाश मिश्रा ने बताया कि उन्हें परीक्षा में कोई दिक्कत नहीं हुई। कोरोना की वजह लॉकडाउन लगा तो उन्हें तैयारी करने का अच्छा समय मिल गया। वहीं, बरेली के अरविंद मोहन बताते हैं कि लॉकडाउन की वजह से परीक्षा तो लेट हुई मगर इसका फायदा भी मिला। तैयारी अच्छे से हो गई।
