अमरोहा: मारपीट, छेड़खानी व दहेज उत्पीड़न में पुणे के परिवार पर रिपोर्ट दर्ज
अमरोहा, अमृत विचार। दहेज के लिए ससुराल वालों ने महिला को उसके तीन साल की बेटी के साथ पीटकर घर से निकाल दिया। महिला महाराष्ट्र के पुणे से अमरोहा में मायके पहुंची। महिला ने नंदोई पर छेड़खानी का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर पति समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले के रहने वाले व्यक्ति ने 23 मई 2019 को अपनी बेटी की शादी महाराष्ट्र के पुणे में रहने वाले युवक के साथ की थी। शादी के कुछ दिन बाद महिला को ससुराल में दहेज के लिए ससुराल वालों ने प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। आरोप है कि ससुराल के लोगों ने मायके से सात लाख रुपये और बाइक लाने का दबाव बनाया। विरोध करने पर सभी लोग महिला के साथ मारपीट करते थे। इस दौरान महिला ने एक बेटी को जन्म दिया।
पीड़िता का आरोप है कि पति का दूसरी महिला के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा है। इसके चलते वह कभी उसे नजर में नहीं लाया। जबकि नंदोई शादी के बाद से ही उस पर गलत नजर रखता था। वह जब भी घर आता था, मौका मिलने पर उसके साथ छेड़खानी करता था।
बीते दिन महिला को बेटी के साथ अकेले घर से निकाल दिया गया। वह अमरोहा अपने मायके पहुंची। पीड़िता ने मामले की शिकायत शहर कोतवाली में की थी। प्रभारी निरीक्षक सनोज प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर पति व सास-ससुर के अलावा नंद-नंदोई के खिलाफ मारपीट, दहेज एक्ट व छेड़खानी की रिपोर्ट दर्ज कर जांच कराई जा रही है।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : कृषि विभाग की ओर से 20 नवंबर तक चलेगा जागरुकता अभियान, ईकेवाईसी न कराने वाले किसानों को किया जा रहा प्रेरित
