सुलतानपुर: असलहा से लैस दबंगों ने पूरे परिवार पर किया हमला, विधायक के करीबी ने गोली मारने की दी धमकी, Video Viral

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गोसाईगंज/सुलतानपुर। सत्तापक्ष के एक विधायक के करीबी मानें जाने वाले प्रधान प्रतिनिधि की गुंडई का वीडियो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ हैं। वायरल वीडियो में हिस्ट्रीशीटर प्रधान प्रतिनिधि अपने गुर्गों के साथ पूर्व जिला पंचायत सदस्य व उसके परिवार वालों को लाठी डंडों से पीट रहा है। वीडियो में वह बंदूक तानकर बोल रहा है कि गोली मार दूंगा। एसपी सोमेन बर्मा ने वीडियो को संज्ञान में लेकर मुकदमा दर्ज कराते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी का आदेश दिया है। 

गोसाईगंज थाना क्षेत्र के द्वारिकागंज चौकी के महमूदपुर गांव निवासी हरिराम गौड़ ने आरोप लगाया है कि शुक्रवार की सुबह लगभग नौ बजे गांव के ही संतोष सिंह, चंदन सिंह, बाबी सिंह, ज्ञानेश्वर सिंह, कमल सिंह, दीपक सिंह समेत अज्ञात लोग लाठी डंडा और असलहा लेकर घर आए और मेरे बेटे किशन को मारने पीटने लगे। हल्ला गुहार पर जब परिवार के रवि, चंद्रा देवी, अंश और मधु बीच बचाव करने गए तो बदमाशों ने इन सबको भी मारा पीटा। 

बदमाशों ने शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए असलहा लहराते हुए भाग निकले और मार पीट से  रवि बेहोश हो गए थे। किशन के सर में काफी चोटें आई है। पीड़ित ने तहरीर देते हुए कार्यवाही की मांग की है।  मामले में पुलिस ने संतोष सिंह समेत नौ लोगों के खिलाफ जानलेवा हमले की धारा समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज  कर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

चौकी प्रभारी पर भी उठ रहे सवाल 
सूत्रों की मानें तो स्थानीय चौकी प्रभारी जगदीश सिंह के क्षेत्र के सरहंग प्रवृत्ति के लोगों से मधुर संबंध होने की बात सामने आ रही है। इसे लेकर आए दिन चौकी इंचार्ज विवादों से घिरे रहते हैं, जिससे क्षेत्र में आम जनता के भीतर रोष व्याप्त है। लगातार शिकायतों के बावजूद अधिकारी चुप्पी साधे हैं। 

वहीं, लोगों की मानें तो दबंग संतोष सिंह स्थानीय विधायक का खास बताया जाता है, जिसके ऊपर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। प्रभारी थाना अरविंद कुमार ने बताया कि मामले में आरोपियों की तलाश की जा रही है।

जानिए क्या बोले जिम्मेदार

दो पक्षों में मारपीट का मामला सामने आया है। एसपी के आदेश पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है। जल्द ही न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा...प्रशांत सिंह, सीओ जयसिंहपुर।

यह भी पढ़ें:-Ayodhya Deepotsav 2023: घर बैठे आप बन सकते हैं अयोध्या दीपोत्सव का हिस्सा, बस करना होगा यह काम

संबंधित समाचार