अयोध्या पहुंचे श्रीराम - मंगलाचरण और आरती के साथ हुआ राज्याभिषेक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल समेत संतों ने उतारी आरती, हुई फूलों की वर्षा
अयोध्या, अमृत विचार। लंका विजय कर अयोध्या पहुंचे भगवान श्रीराम का फूलों की वर्षा और मंगलाचरण व आरती के साथ भव्य स्वागत हुआ। रामकथा पार्क में बने हेलीपैड पर शनिवार शाम पुष्पक विमान से उतरते ही श्रीराम, माता जानकी और अनुज लक्ष्मण समेत हनुमान का वंदन-अभिनंदन करते हुए उन्हें रामकथा पार्क में बने राम दरबार तक लाया गया। गुरु वशिष्ठ भी राम दरबार में शोभायमान रहे। वहीं प्रख्यात अभिनेत्री पदम भूषण आशा पारिख ने भी राम दरबार का पूजन-अर्चन किया।
रामायण की स्तुतियों के बीच मंगलाचरण के साथ राज्यपाल आनंदी बेल पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राम दरबार में मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम, मां जानकी, अनुज लक्ष्मण व हनुमान की आरती व पूजन अर्चन कर राज्याभिषेक किया। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, मंत्री राकेश सचान, मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र व अन्य विशिष्ट जनों ने राम दरबार की आरती की। हजारों की संख्या में लोग इस क्षणों के साक्षी बने। जय श्री राम के उद्घघोष से पूरा राम कथा पार्क गूंज उठा। इस मौके पर भरत मिलाप भी हुआ।
