Unnao News: गैंगस्टर को पुलिस ने भेजा सलाखों के पीछे… आठ अभी भी फरार, नौ भूमाफियाओं के खिलाफ हुई थी कार्रवाई

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उन्नाव में गैंगस्टर को पुलिस ने भेजा जेल।

उन्नाव में गैंगस्टर को पुलिस ने सलाखों के पीछे भेज दिया। जबकि आठ अभी भी फरार है। हाल ही में पुलिस ने नौ भूमाफियाओं के खिलाफ कार्रवाई की थी।

उन्नाव, अमृत विचार। उन्नाव की गंगाघाट कोतवाली अंतर्गत कटरी पीपरखेड़ा स्थित अखलाक नगर में ग्राम समाज की कई बीघा जमीन है। कुछ भूमाफियाओं ने साठगांठ कर इस जमीन पर अवैध रूप से प्लाटिंग, निर्माणाधीन मकान व बाउंड्री वॉल बनवा रखी थी। जिसे प्रशासन ने ध्वस्त कराया था। इसके बाद लेखपाल की तहरीर पर नौ लोगों पर एफआईआर दर्ज कर गिरोहबंद अधिनियम के तहत गैंगस्टर की कार्यवाही भी की गई है। गैंग लीडर को गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भेज दिया है। 

बता दें कि तत्कालीन ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नूपुर गोयल व नायब तहसीलदार विराग करवरिया ने ग्राम सभा कटरी पीपरखेड़ा के अखलाक नगर में भूमि संख्या-1718 में करीब 25 बीघा सरकारी भूमि पर हुई प्लाटिंग व बाउंड्री को ध्वस्त कराया था। जिसकी वर्तमान में कीमत करीब 22.47 करोड़ आंकी गयी है।

इसके बाद सर्वे लेखपाल गनेश कुमार की तहरीर पर पुलिस ने चकेरी थानांतर्गत श्यामनगर निवासी अंशुल ठाकुर उर्फ यश प्रताप सिंह, जाजमऊ डिफेंस कॉलोनी निवासी मुस्ताक लारी, नौशाद लारी, साहब लारी, सदाब लारी, धर्मराज निषाद, विमल निषाद व गोलू निषाद के अलावा गंगाघाट के जाजमऊ निवासी नैकानी निषाद पर रिपोर्ट दर्ज की गई थी। एसपी सिद्धार्थ शंकर मीना ने डीएम अपूर्वा दुबे को इसकी रिपोर्ट भेजी थी।

जिस पर डीएम ने सभी के खिलाफ गैंगस्टर की कार्यवाही की थी। गंगाघाट पुलिस ने शनिवार देररात गैंग लीडर नौशाद लारी को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे रविवार को जेल भेज दिया गया। जबकि, अभी मामले में आठ अन्य आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि जल्द ही अन्य को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जायेगा।

ये भी पढ़ें- Diwali 2023: दीपावली आज, लक्ष्मी पूजा के लिए ये है शुभ मुहूर्त, इस दिन मनाएं गोवर्धन पूजा और भाईदूज

 

संबंधित समाचार