Diwali 2023: दीपावली आज, लक्ष्मी पूजा के लिए ये है शुभ मुहूर्त, इस दिन मनाएं गोवर्धन पूजा और भाईदूज
कानपुर में लक्ष्मी पूजा का मुहूर्त शाम 05. 11 से 7.39 बजे तक है।
कानपुर में लक्ष्मी पूजा का मुहूर्त शाम 05. 11 से 7.39 बजे तक है। वहीं, आज अपराह्न 2.44 बजे से अमवस्या लगेगी। इसके साथ ही मां लक्ष्मी की कृपा भी बरसेगी।
कानपुर, अमृत विचार। कार्तिक माह के कृष्ण पक्ष की अमावस्या तिथि 12 नवंबर रविवार को दोपहर 2:44 बजे से शुरू होकर 13 नवंबर सोमवार दोपहर 2:56 बजे तक है। ज्योतिषाचार्य पं. मनोज कुमार द्विवेदी ने बताया कि दीपावली का त्योहार रविवार को होगा। हालांकि उदयातिथि के आधार पर अमावस्या 13 नवंबर सोमवार को होगी। लेकिन अमावस्या तिथि में प्रदोष काल को प्राप्त होने से दीपावली का पर्व 12 नवंबर को मनेगा।
इस बार सौभाग्य व आयुष्मान योग
दीपावली पर इस बार आयुष्मान योग बन रहा है। यह योग रविवार शाम 4 बजकर 25 मिनट तक रहेगा। इसके अलावा सौभाग्य योग का निर्माण शाम 4 बजकर 25 मिनट से अगले दिन 13 नवंबर को दोपहर 3 बजकर 23 बजे तक रहेगा। शास्त्रों में सौभाग्य योग में धन की देवी मां लक्ष्मी और गणेश की पूजा से आय और सौभाग्य में अपार वृद्धि मानी गई है।
गणेश-लक्ष्मी पूजन मुहूर्त
लक्ष्मी पूजा मुहूर्त : शाम 05. 11 बजे से शाम 07.39 बजे तक ।
महानिशीथ काल मुहूर्त
रात्रि 11:39 से 12:31 बजे तक
सिंह काल : रात्रि 12:12 से 02:30 बजे तक
शुभ चौघड़िया पूजा मुहूर्त
अपराह्न मुहूर्त (शुभ) - दोपहर 01:26 से 02:47 बजे तक सायंकाल मुहूर्त (शुभ, अमृत, चर) - 05:20 से 10:25 बजे तक रात्रि मुहूर्त (लाभ) - 01:44 से 03:23 बजे तक
पनकी में शृंगार, सिद्धनाथ और आनंदेश्वर में दीपदान
दीपावली पर प्रमुख मंदिरों में विशेष पूजन और आयोजन होंगे। पनकी मंदिर में हनुमान प्रतिमा का तुलसी दल से विशेष शृंगार किया जाएगा। सिद्धनाथ मंदिर में पतित पावनी मां गंगा में दीपदान का आयोजन होगा। शास्त्री नगर काली मठिया में 101 दीपों से मां की आरती की जाएगी। आनंदेश्वर मंदिर और तपेश्वरी देवी मंदिर में भी दीपोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा।
14 को गोवर्धन पूजा और मनेगा अन्नकूट
गोवर्धन पूजा कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि को मनाते हैं। इसे ही अन्नकूट मनाते हैं। इस साल कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि 13 नवंबर दिन सोमवार को दोपहर 2 बजकर 56 मिनट से प्रारंभ हो रही है। इस तिथि का समापन 14 नवंबर दिन मंगलवार को दोपहर 2 बजकर 36 मिनट पर होगा। उदयातिथि के आधार पर गोवर्धन पूजा 14 नवंबर मंगलवार को होगी।
शोभन योग में भाईदूज, 15 को भी मना सकते
हिंदू पंचांग के अनुसार, भाई दूज की पूजा का शुभ मुहूर्त 14 नवंबर को दोपहर 2:37 बजे से दोपहर 3:19 बजे तक है। भाई दूज के पर्व पर इस बार शोभन योग भी निर्मित हो रहा है। हिंदू ज्योतिष में उदया तिथि का भी विशेष महत्व है। ऐसे में उदया तिथि के अनुसार भाई दूज का पर्व 15 नवंबर को भी मनाया जा सकता है।
ये भी पढ़ें- Diwali 2023 : सतरंगी रोशनी के सौंदर्य से शहर जगमगाया, दीपावली के स्वागत में उत्साह झिलमिलाया
