Diwali 2023: Chitrakoot में हर्षोल्लास से मना दीपपर्व, लाखों ने की कामदगिरि की परिक्रमा, तीन दिन से लगने लगी थी भीड़

Amrit Vichar Network
Published By Nitesh Mishra
On

चित्रकूट में दीपावली के पर्व पर लाखों लोगों ने कामदगिरि की परिक्रमा की।

चित्रकूट में दीपावली के पर्व पर लाखों लोगों ने कामदगिरि की परिक्रमा की। वहीं, तीन दिन से आस्थावानों की भीड़ लगने लगी थी।

चित्रकूट, अमृत विचार। दीपावली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मना। तीर्थक्षेत्र में लाखों श्रद्धालुओं ने मंदाकिनी नदी में डुबकी लगाकर कामदगिरि की परिक्रमा की।

भगवान राम की कर्मभूमि होने की वजह से तीर्थक्षेत्र में दीपपर्व का अलग महत्व है। स्थानीय लोगों के अलावा दूरदराज से भी श्रद्धालुओं का आवागमन रहा। शुक्रवार से ही यहां आस्थावानों का आना शुरू हो गया था। निजी और सरकारी वाहनों के अलावा गांवों से पैदल भी लोग पहुंचे। दीपावली की शाम को लोगों ने मंदाकिनी नदी में दीपदान किया।

जिलाधिकारी अभिषेक आनंद, पुलिस अधीक्षक वृंदा शुक्ला ने यूपीटी तिराहा, बेड़ी पुलिया, रामघाट, परिक्रमा मार्ग सहित पूरे मेला क्षेत्र का पैदल भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीएम ने ईओ व डीपीआरओ को हिदायत दी कि अन्ना मवेशी मेला क्षेत्र में न जा पाएं। रामघाट की ओर दोपहिया वाहनों का आवागमन रोका गया था।

वाहन यूपीटी तिराहे से आते जाते रहे। धन और ऐश्वर्य की कामना के साथ महालक्ष्मी व श्री गणेश का पूजन अर्चन किया। बच्चों ने आतिशबाजी का लुत्फ़ उठाया। घर घर बालिकाओं ने आकर्षक रंगोलियां बनाईं। वहीं दूसरी ओर युवाओं से लेकर बच्चों तक जमकर आतिशबाजी का लुत्फ़ उठा रहे थे। किसानों ने घी का दीपक अपने-अपने खेतों में जलाकर क्षेत्रपाल का पूजन किया। दीपावली का पर्व ग्रामीण क्षेत्रों में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।

डिवाइडर पर भी रखी गई नजर

जिलाधिकारी ने सीओ सिटी, एसडीएम व ईओ से डिवाइडर पर नजर रखने के निर्देश भी दिए थे। थका हारा श्रद्धालु कई बार सड़क के किनारे या डिवाइडर पर रुककर सो जाता है। ऐसे में कई बार दुर्घटना की भी आशंका रहती है। 

एसपी ने दृष्टि की छात्राओं के साथ मनाई दीपावली

पुलिस अधीक्षक वृंदा शुक्ला ने दृष्टिबाधितों के कल्याण के लिए चलाई जा रही संस्था ‘दृष्टि’  में छात्राओं के साथ दीवाली मनाई। एसपी ने छात्राओं को महिला एवं बाल अपराधों के प्रति जागरूक किया। छात्राओं को गुड-टच, बैड-टच के संबंध में बताया। कहा कि किसी भी प्रकार के उत्पीड़न के प्रति खुलकर बताएं। हेल्पलाइन नंबरों की भी जानकारी दी। 

घी के दीपक प्रज्ज्वलित किए

मऊ (चित्रकूट)। कस्बे में दीपावली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। लोगों ने प्रसिद्ध आनंदी देवी मंदिर में घी के दीपक प्रज्जवलित कर परिवार के लिए सुख समृद्धि की कामना की। कस्बे में सुबह से ही त्यौहार की धूम रही।

समय कम मिलने से परेशान दिखे पटाखा दुकानदार 

हर साल की तरह चित्रकूट इंटर कॉलेज में पटाखों की दुकानें लगाई गईं। इस बार 37 दुकानें हैं। पिछली बार 30 थीं। दुकानदारों ने बताया कि पिछली बार तीन दिन समय मिला था। इस बार प्रशासन ने डेढ़ दिन ही समय दिया है। ऐसे में उनका माल बचने की संभावना है।

ये भी पढ़ें- Diwali 2023: दीपावली आज, लक्ष्मी पूजा के लिए ये है शुभ मुहूर्त, इस दिन मनाएं गोवर्धन पूजा और भाईदूज

संबंधित समाचार