.jpg)
Diwali 2023: कानपुर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया दीपावली पर्व... दुल्हन की तरह सजा शहर, देखें- तस्वीरें
कानपुर में हर्षोल्लास के साथ मनाया दीपावली पर्व।
कानपुर में हर्षोल्लास के साथ दीपावली का पर्व मनाया गया। लोगों ने अपने घरों में पूजा-अर्चना करने के बाद जमकर आतिशबाजी की। इस दौरान पूरा शहर दुल्हन की तरह सजा नजर आया।
कानपुर, अमृत विचार। दीपावली पर्व शहर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। घरों में पूजन के साथ ही उद्योगतियों व व्यापारियों ने अपने कार्य प्रतिष्ठानों में भी पूजन किया। उधर झिलमिल झालरों से जगमगाती इमारतों और रंगबिरंगी रोशनी से चकाचौंध पार्क दूल्हन की तरह सजे रहे। पूजन के बाद शहरवासियों की ओर से की गई आतिशबाजी से आसमान सतरंगी हो गया।
दीपावली पर झिलमिलाती रंग बिरंगी झालरें, टिमटिमाते असंख्य दीप और पटाखों के धमाके से गूंजता वातावरण उत्साह बना रहा। पूजन के बाद आतिशबाजी से आसमान सतरंगी हो उठा। घरों के साथ ही व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में लोगों ने लक्ष्मी, गणेश के साथ ही भगवान कुबेर का पूजन कर सुख समृद्धि की कामना की। कुछ श्रद्धालुओं ने गंगा में भी दीपदान किया। बधाइयों का दौर देर रात तक चलता रहा।
दीपावली पर सुबह से ही लोगों में उत्साह रहा। मंदिरों में लोगों ने पूजन अर्चना किया और सूर्य ढलते ही घर के बाहर से लेकर आंगन तक चहुंओर दीपक जलाए गए। घरों में पहले भगवती लक्ष्मी, भगवान गणेश और कुबेर जी का पूजन किया गया फिर दीपक जलाए गए। झिलमिलाती रंग बिरंगी झालरों की जलती बुझती रोशनी हर किसी के आकर्षण का केंद्र रही।
शहर की गलियां चहुंओर दीपक के प्रकाश से अंधेरा छंट गया था। दीपक जले तो फिर बड़ों के साथ बच्चे भी घरों से बाहर आ गए। फुलझड़ी और रॉकेट जलाकर खुशियां मनाईं गई। देर रात तक खुशियों की आतिशबाजी होती रही। स्काई बम ,अनार और सुतली बम से उत्साह चरम पर पहुंचा।
स्वरूप नगर, आर्यनगर, तिलक नगर, गोविंद नगर, किदवई नगर, कल्याणपुर, काकादेव, विष्णुपुरी, बिरहाना रोड समेत कई जगहों पर अपार्टमेंट में लोगों ने सामूहिक रूप से दीपावली का उत्सव मनाया। रंगोलियां बनाकर भगवती लक्ष्मी का स्वागत किया गया। लक्ष्मी गायत्री मंत्र, गणेश व लक्ष्मी सहस्त्रनाम का जप करते हुए घरों में मूर्तियां स्थापित की गईं। तमाम लोगों ने महानिशीथ काल के समय मां काली का पूजन भी घरों में किया।
औद्योगिक प्रतिष्ठानों में हुआ पूजन
मान्यता के तहत सबसे पहले व्यापारियों ने अपने व्यापारिक प्रतिष्ठानों में पूजन कर घरों में मां की आराधना की। शहर में कुछ व्यापारी व उद्योगपतियों ने घरों के बाद औद्योगिक प्रतिष्ठानों में पूजन किया। यही वजह रही कि दोपहर से देर रात तक शहर के औद्योगिक इलाकों और बाजारों में शंखनाद सुनाई दिए। दादा नगर, बिरहाना रोड, स्वरूप नगर, चौक सर्राफा, गोविंद नगर जैसे इलाकों में मां का आह्वान हुआ।
बुजुर्गों के साथ मनाई दीपावली
दीपावली के अवसर पर रविवार को भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने दामोदर नगर स्थित वद्धा आश्रम में बुजुर्गों के साथ दीपावली मनाई। इस दौरान व्यापारियों ने बुजुर्गों के गणेश-लक्ष्मी की आरती कर पटाखे फोड़े। रविवार को भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश वरिष्ठ महामंत्री ज्ञानेश मिश्र के नेतृत्व में व्यापारियों ने वृद्धा आश्रम में निराश्रित बुजुर्गों के साथ दीपावली मनाई। व्यापारियों ने बुज़ुर्गो के साथ जमकर आतिशबाजी की और मिठाई खिलाकर फल बांटे। इस दौरान ज्ञानेश मिश्र ने कहा कि दीपावली के अवसर पिछले कई वर्षों से बुजुर्गों के साथ त्योहार मनाने की परंपरा है। निराश्रित बुजुर्गों के साथ दीपावली मना कर उनकी खुशियों में शामिल होने का सौभाग्य प्राप्त होता है। इस दौरान उपाध्यक्ष आनन्द शुक्ला, वरिष्ठ मंत्री संजय सिंह भदौरिया, अजय शर्मा, राकेश गुप्ता, अनुपम गुप्ता, सुशील तोमर मौजूद रहे।
बंगाली समाज ने किया काली पूजन
शहर के बंगाली समाज ने काली पूजन किया। यह पूजन अशोक नगर, आईआईटी परिसर, एबी विद्यालय, काली मंदिर चकेरी व काली मंदिर शास्त्री नगर सहित अन्य इलाकों में हुआ। अशोक नगर में पूजन के दौरान अत्सारन संस्था के उपाध्यक्ष पुलक भट्टाचार्या ने बताया कि पूजन के दौरान मां काली का मंत्रों का जाप कर आह्वान किया गया। प्रसाद के रूप में पायस अर्पित किया गया।
मंदिरों में हुआ दीपदान
दीपावली का पूजन कर भक्तों ने मंदिरों का भी रुख किया। परमट स्थित आनंदेश्वर मंदिर, पनकी मंदिर, तपेश्वरी देवी मंदिर, जीटी रोड हनुमान मंदिर सहित अन्य मंदिरों में भक्तों ने दीप जलाकर आह्वान किया। इस दौरान प्रसाद के रूप में खील, लइया, गट्टा सहित अन्य पूजन सामग्री अर्पित की गई।
14 को होगी गोवर्धन पूजा
गोवर्धन पूजा कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि को करते हैं। गोवर्धन पूजा को अन्नकूट मनाते हैं। इस साल कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि 13 नवंबर दिन सोमवार को दोपहर 2 बजकर 56 मिनट से प्रारंभ हो रही है। इस तिथि का समापन 14 नवंबर दिन मंगलवार को दोपहर 2 बजकर 36 मिनट पर होगा। उदयातिथि के आधार पर गोवर्धन पूजा 14 नवंबर मंगलवार को होगी।
शोभन योग में भाईदूज
हिंदू पंचांग के अनुसार, भाई दूज की पूजा का शुभ मुहूर्त 14 नवंबर को दोपहर 2:37 बजे से दोपहर 3:19 बजे तक है। भाई दूज के पर्व पर इस बार शोभन योग भी निर्मित हो रहा है। हिंदू ज्योतिष में उदया तिथि का भी विशेष महत्व है। ऐसे में उदया तिथि के अनुसार, भाई दूज पर्व 15 नवंबर को भी मनाया जा सकता है।
Comment List