बरेली-बदायूं से लखनऊ हाईवे को जल्द जोड़ने की तैयारी तेज, 47 लाख रुपये शासन ने किए जारी
कांधरपुर, उमरिया, इचौरिया होते हुए बुखारा-फरीदपुर मार्ग का हो रहा है चौड़ीकरण
DEMO IMAGE
बरेली, अमृत विचार। बरेली-बदायूं हाईवे से लखनऊ हाईवे को जोड़ने की तैयारी तेज हो गई है। कांधरपुर, उमरिया, इचौरिया होते हुए बुखारा-फरीदपुर मार्ग का चौड़ीकरण के साथ उसके सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है। शासन ने तीन दिन पहले सड़क के चौड़ीकरण को 47 लाख रुपये से अधिक की रकम जारी कर दी है।
इस सड़क के बनने से लोगों को काफी राहत मिलेगी। बड़े वाहन भी आसानी से गुजर सकेंगे और उन्हें कैंट से शहर होते हुए सेटेलाइट के रास्ते नहीं जाना पड़ेगा। इससे शहर में जाम की समस्या से भी राहत मिल सकती है। सड़क का चौड़ीकरण 672 लाख से अधिक की धनराशि से कराया जा रहा है।
इस सड़क के लिए 582 करोड़ से अधिक पहले ही आवंटित किए जा चुके हैं। अंतिम किस्त की धनराशि जारी करने के बाद माना जा रहा है कि यह मार्ग चौड़ा होने के साथ बरेली-बदायूं हाईवे से लखनऊ हाईवे भी जुड़ जाएंगे। इससे बड़े वाहनों की आवाजाही में अब दिक्कत नहीं होगी।
इस सड़क के चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण के लिए 19 मार्च, 2021 में स्वीकृति मिली थी। आवंटित धनराशि का उपयोग करने के लिए लोक निर्माण विभाग को 31 मार्च 2024 तक की अनुमति मिली है। जिम्मेदारों को 30 अप्रैल तक उपयोगिता प्रमाणपत्र भी शासन को देना है। उप सचिव राजेश प्रताप सिंह ने राज्य सड़क निधि मद से सड़क के लिए धनराशि जारी की है।
यह भी पढ़ें- बरेली: 'गांव में विद्युत कैंप लगाया तो रेप केस में फंसा दूंगा', बिजली विभाग की टीम को जान से मारने की भी धमकी
