Kannauj News: मकान का ताला तोड़ कर लाखों की चोरी, गृहस्वमी परिवार समेत त्योहार पर गया था गांव, जांच में जुटी पुलिस
कन्नौज में मकान का ताला तोड़ कर लाखों की चोरी।
कन्नौज में मकान का ताला तोड़ कर चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित परिवार दीपावली का त्योहार मनाने के लिए अपने गांव गया था। इसी दौरान चोरों ने सूने घर को निशाना बनाकर लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दे डाला।
कन्नौज, अमृत विचार। प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करने वाले कारोबारी के बंद मकान का ताला तोड़ कर चोरों ने लाखों रुपये की नकदी व जेवरात चोरी कर लिये। गृह स्वामी दीपावली पर्व पर परिवार समेत पैतृक गांव गए थे। वापस लौटने पर उन्हें जानकारी हो सकी। चोरी की सूचना पर एएसपी समेत कोतवाली पुलिस व फोरेंसिक व डॉग स्क्वाड टीम ने छानबीन की। घटना की तहरीर पुलिस को अभी तक नहीं दी गई है।
मूलरूप से सदर कोतवाली के गांव निवादी चांदापुर निवासी व शहर के मोहल्ला देविन टोला में खुद का मकान बना कर रहे अमित कुमार पाल पुत्र बादाम सिंह पाल अपने मकान में ताला लगा कर 12 नवंबर को पत्नी व बच्चों समेत दीपावली पर्व पर गांव गये थे। मकान में ताला लगा हुआ था। स्कूल की छुट्टी समाप्त होने पर गुरुवार को वह पत्नी समेत घर लौटे तो मकान का ताला टूटा देखा।
इसके बाद मकान के अंदर कमरों के दरवाजे पर लगे ताले भी टूटे थे। कमरों के अंदर देखा तो बेड के अंदर थैले में रखे सात लाख बीस हजार रुपये की नकदी व दो सोने की चेन चोरी हो चुकी थी। मकान में चोरी होने की जानकारी उन्होंने कोतवाली पुलिस को दी। सूचना अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. अरविंद कुमार, कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक शैलेन्द्र कुमार, फॉरेंसिक टीम के अलावा डॉग स्क्वाड टीम मौके पर पहुंची।
एएसपी ने मकान मालिक से पूछताछ कर घटना का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने कमरों के कुंडे व अन्य स्थानों से साक्ष्य जुटाये। डॉग स्क्वाड टीम के साथ पहुंचे डॉग जैकी ने कमरे के अंदर सामान को सूंघने के बाद मकान के बाहर निकल कर एक गली में करीब 100 मीटर तक गया और इसके बाद लौट आया। उधर पुलिस ने चोरी हुए मकान के आसपास मकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालना शुरू कर दिया है।
एएसपी ने सिपाहियों से कहा कि वह 12 नवंबर की रात से चोरी हुए मकान के निकट कौन-कौन निकला या कौन गेट के पास रुका, इसकी डिटेल निकाल कर सुरक्षित कर लें, जिससे चोर की खोज करने में किसी तरह की दिक्कत न हो।
