सुलतानपुर: हाइवे किनारे मिला महिला का शव, हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सुलतानपुर। लखनऊ-सुलतानपुर हाइवे के किनारे अज्ञात महिला का शव पड़ा मिला। राहगीरों की सूचना पर पहुंची कुड़वार पुलिस ने उच्च अधिकारियों को सूचना दी। सूचना पर एसपी सोमेन बर्मा सहित विभागीय अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया।

खबर लिखे जाने तक शव की पहचान नहीं हो सकी थी। शुक्रवार को कुड़वार थाना क्षेत्र से गुजरी लखनऊ वाराणसी फोरलेन के किनारे अज्ञात महिला का शव पड़ा मिला। राहगीरों ने कुड़वार पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही प्रभारी निरीक्षक गौरीशंकर पाल दलबल के साथ मौके पर पहुचे।

उन्होंने डॉग स्क्वायड व फोरेंसिक टीम को सूचना देते हुए घटनास्थल की घेराबंदी करा दी। जानकारी मिलते ही सीओ सिटी राघवेंद्र चतुर्वेदी फोरेंसिक टीम व डॉग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम निरीक्षक ज्ञान बहादुर यादव के नेतृत्व में पहुंची टीम ने घटनास्थल का गहन परीक्षण किया।

मौके से एक छोटा पर्स, एक हैंड पर्स जिस पर सपना यादव लिखा है और एक बड़ी पर्स बरामद हुई। डॉग स्क्वायड ने भी खोजी कुत्ते की मदद से खोजबीन करने का प्रयास किया। थोड़ी ही देर में अपर पुलिस अधीक्षक विपुल श्रीवास्तव व पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया।

महिला के शरीर पर कुछ खून के छीटे मिले हैं। एसपी ने शव को सील करवाते हुए विधिक कार्यवाही करने के निर्देश पुलिस को दिये। ग्राम प्रधान राजेश मौर्या की तहरीर पर पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

एसपी सोमेन बर्मा ने बताया कि अज्ञात महिला के शव की शिनाख्त के प्रयास किये जा रहे हैं। मृतका के शरीर पर कोई जाहिरा चोट नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।

यह भी पढ़ें: रायबरेली: ताला बंद घर को चोरों ने बनाया शिकार, छह लाख के माल से हाथ किया साफ, हड़कंप

संबंधित समाचार