बरेली: प्रेमी युगल ने पुलिस कस्टडी में जहर खाकर दी जान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। बरेली में रह रहे लखनऊ के प्रेमी युगल को सोमवार को पुलिस ने पकड़ लिया। लखनऊ ले जाते समय रास्ते में प्रेमी युगल ने पुलिस कस्टडी में जहर खा लिया। जब उनकी तबीयत बिगड़ी तो पुलिसवालों के हाथ-पांव फूल गए। पुलिस ने उन्हें गंभीर हालत में लखनऊ के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया। …

बरेली,अमृत विचार। बरेली में रह रहे लखनऊ के प्रेमी युगल को सोमवार को पुलिस ने पकड़ लिया। लखनऊ ले जाते समय रास्ते में प्रेमी युगल ने पुलिस कस्टडी में जहर खा लिया। जब उनकी तबीयत बिगड़ी तो पुलिसवालों के हाथ-पांव फूल गए। पुलिस ने उन्हें गंभीर हालत में लखनऊ के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया। जहां दोनों की मौत हो गई।

लखनऊ के कृष्णा नगर थाना क्षेत्र के प्रेमनर सर्राफ निवासी विकास सोनी का स्नेह नगर की कोमल उर्फ पारुल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों ही शादीशुदा थे। परिवार ने विरोध किया तो नौ माह पहले दोनों भागकर बरेली आ गए। सुभाषनगर की पाल कॉलोनी में बनवारी लाल के मकान में दोनों किराये पर रहने लगे। पिछले सात माह से विकास सुभाष नगर में बाजपेई स्वीट्स पर काम करने लगा।

रविवार की रात कृष्णा नगर पुलिस सुभाषनगर पहुंची और दोनों को हिरासत में ले लिया। दोनों ने पुलिस के सामने अपना जरूरी सामान रखने की बात कहते हुए कुछ समय मांगा। सामान समेटने के बाद पुलिस दोनों को अपने साथ लखनऊ ले जाने के लिए निकल गई। सीतापुर के पास पहुंचते ही विकास और कोमल की तबीयत बिगड़ गई और उनके मुंह से झाग निकलने लगे। यह देखकर पुलिस के हाथ पांव फूल गए। पुलिस ने दोनों को लखनऊ ले जाकर ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया। जहां दोनों की मौत हो गई।

एक दूसरे का ख्याल रखता था प्रेमी युगल
पाल कॉलोनी के लोगों ने बताया कि विकास और कोमल एक दूसरे का बहुत ख्याल रखते थे। उन दोनों को कभी लड़ते हुए नहीं देखा। कॉलोनी के लोगों से भी उनका अच्छा व्यवहार था। जब उनकी मौत की खबर सुनी तो कई लोगों की आंखें नम हो गईं।

पारुल ने बदल लिया था नाम
पारुल ने बरेली आकर अपना नाम बदल लिया था। उसने यहां रहने वाले लोगों को अपना नाम कोमल बताया था। विकास भी उसे कोमल नाम से ही बुलाता था। पुलिस ने जब लोगों से पूछताछ की तो सच्चाई सामने आई थी।

“प्रेमी युगल को लखनऊ पुलिस सुभाषनगर से बरामद करके ले गई थी। पता चला है कि प्रेमी युगल ने रास्ते में कुछ जहरीला पदार्थ खा लिया। इसके बाद उनकी मौत हो गई।” -रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी

संबंधित समाचार