बरेली: फिलिस्तीन में हो रहा इंसानियत का कत्ल, पूरी दुनिया देख रही- मौलाना तौकीर रजा
बरेली, अमृत विचार। इस्लामिया मैदान में प्रशासन से अनुमति न मिलने के बाद शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल के प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खान ने नौमहला मस्जिद में फिलिस्तीन में मारे गए लोगों के लिए सामूहिक दुआ कराई। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। जबकि सुरक्षा के मद्देनजर मस्जिद के बाहर पुलिस फोर्स तैनात रहा और आसपास के रास्तों पर नाकाबंदी रही।
वहीं सामूहिक दुआ से पहले आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खान समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के घरों पर पुलिस का पहरा लगा दिया गया। हालांकि किसी के आने जाने पर रोक नहीं थी। जिसके बाद दोपहर ढाई बजे के बाद मौलाना तौकीर रजा खान की अगुवाई में फलस्तीन में मारे गए लोगों के लिए सामूहिक दुआ की गई।
बता दें, पहले मौलाना तौकीर रजा ने शुक्रवार को इस्लामिया इंटर कॉलेज के मैदान में फिलिस्तीन के लिए सामूहिक दुआ का ऐलान किया था, लेकिन प्रशासन ने अनुमति नहीं दी। जिसके बाद प्रशासन की परमिशन पर नौमहला मस्जिद में सामूहिक दुआ की गई। जिसमें सभी ने देश-दुनिया में अमन और शांति के लिए सजदा किया।
इस दौरान मीडिया से बात करते हुए मौलाना तौकीर रजा खान ने कहा कि सामूहिक दुआ में फिलिस्तीन में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि देने के साथ ही पूरे देश-दुनिया में अमन और शांति के लिए दुआ की गई है, लेकिन बहुत तकलीफ की बात है कि अब हिंदुस्तान में दुआ करने पर भी पाबंदी लगा दी गई है। भारतीय जनता पार्टी को दुआ से भी तकलीफ है। इसीलिए ज्यादती करते हुए जबर्दस्ती हमारा वैन्यु चेंज किया और दुआ में शामिल होने के लिए आने वाले लोगों को भी रोका गया।
उन्होंने कहा कि फिलिस्तीन में लोगों पर जुल्म किया जा रहा है और जो लोग घायल हैं, उन्हें इलाज न मिले। इसके लिए अस्पतालों पर भी बम गिराए जा रहे हैं। लेकिन फिर भी इंसानियत का कत्ल होते हुए पूरी दुनिया देख रही है। इस दौरान मौलाना तौकीर रजा ने अरब एंबेसी पर धरना देने का ऐलान करते हुए अरब देशों को अपनी गलती सुधारने की नसीहत भी दी। साथ ही उन्होंने फिलिस्तीनियों की मदद के नाम पर रुपए मांगने वालों से भी लोगों को सतर्क रहने की अपील की।
इससे पहले सामूहिक दुआ में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। दरगाह आला हजरत के प्रमुख मौलाना सुब्हान रजा खां सुब्हानी मियां समेत तमाम खानकाहों के लोग भी नमाज पढ़ने पहुंचे। मुफ्ती मुहम्मद कफील अहमद ने नमाजअदा कराई। आईएमसी मीडिया प्रभारी मुनीर इदरीसी ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता महमूद प्राचा और दिल्ली की निजामुद्दीन औलिया दरगाह के सज्जादा हमाद निजामी समेत कई खानकाहों के सज्जादागान यौमे दुआ में शामिल हुए।
सुब्हानी मियां बोले- अमेरिका-इजराइल का तुरंत बहिष्कार करें इस्लामी देश
दरगाह आला हजरत के प्रमुख मौलाना सुब्हान रजा खां सुब्हानी मियां ने नौमहला मस्जिद में सामूहिक दुआ में शामिल होने के बाद पैगाम दिया कि अमेरिका जैसे सहयोगी देशों की मदद से इजराइल गाजा में फलस्तीन के आम मुसलमानों को खत्म कर रहा है। आम नागरिकों को जिन हथियारों,गोला-बारूद से मारा जा रहा है, वे अमेरिका के हैं। उन्होंने सऊदी अरब समेत सभी इस्लामी देशों अपील की कि वे तुरंत इजराइल और संयुक्त राज्य अमेरिका समेत उसके सभी सहयोगी देशों के बहिष्कार का एलान करें। इस कत्लेआम का समर्थन करने वाले देशों के साथ अपने वाणिज्यिक और राजनयिक संबंध करें। साथ ही वहां से अपने राजदूतों को वापस बुलाने के साथ उनके राजदूतों को अपने देश से बाहर निकाल दें।
उन्होंने कहा कि इजरायल गाजा मे मानवाधिकार की खुलेआम धज्जियां उड़ाने के साथ इंसानियत का कत्ल कर रहा है। हमारे देश के गाजा के लोगों से हमदर्दी जताने और राहत सामग्री भेजने के साथ संयुक्त राष्ट्र में युद्धविराम प्रस्ताव का समर्थन करने से भारत और फलस्तीन की पुरानी दोस्ती को ताकत मिली है। इस्लामिक जगत भारत की प्रशंसा कर रहा है।
इस दौरान दरगाह प्रमुख के साथ मुफ्ती सलीम नूरी, मुफ्ती अफ़रोज़ आलम, मौलाना जाहिद रज़ा, मीडिया प्रभारी नासिर कुरैशी, शान रज़ा, टीटीएस जिला सदर मंजूर रज़ा आदि लोग शामिल रहे।
ये भी पढ़ें- बरेली: संदिग्ध परिस्थितियों में पुल से गिरकर बुजुर्ग की मौत, मचा कोहराम
