बहराइच में तेंदुआ प्रभावित गांव का मुख्य वन संरक्षक ने लिया जायजा, ग्रामीणों को दिया ये आश्वासन
नानपारा/ बहराइच, अमृत विचार। प्रधान मुख्य वन संरक्षक और मुख्य वन संरक्षक शनिवार को नानपारा रेंज क्षेत्र के विभिन्न गांव पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से वार्ता कर तेंदुआ को जल्द पकड़े जाने का आश्वासन दिया। अब तक हुई मौतों पर परिवार के लोगों से शोक जताया।
बहराइच वन प्रभाग के नानपारा रेंज के विभिन्न गांव में बीते एक माह से तेंदुए का हमला जारी है। तेंदुए के हमले में अब तक छह लोगों की जान जा चुकी है। शुक्रवार शाम को तेंदुए के हमले में एक महिला की भी मौत हो गई। निरंतर हो रहे हमलों से गांव के लोगों में नाराजगी है। शनिवार को प्रधान मुख्य वन संरक्षक वन्य जीव उत्तर प्रदेश और मुख्य वन संरक्षक मध्य क्षेत्र लखनऊ मनोज सोनकर एवं वन संरक्षक देवी पाटन, प्रभागीय वनाधिकारी बहराइच संजय कुमार शर्मा के साथ नानपारा पहुंचे।
उन्होंने रेंज के ग्राम उपरिहन पुरवा, डल्लापुरवा,नारायनपुरवा, टिकरी मे तेंदुए द्वारा किए गए हमले के सम्बन्ध मे समीक्षा बैठक की। ग्रामीणों से वार्ता कर जल्द ही तेंदुआ के पकड़े जाने का आश्वासन दिया। इसके बाद वन संरक्षक देवीपाटन द्वारा घटनास्थल ग्राम टिकुरी का निरीक्षण कर पीड़ित परिवार से मिलकर शोक संवेदना प्रकट कर विभागीय आधिकारिक एव कर्मचारियो से की जा रही कार्रवाई के सम्बन्ध मे जानकारी प्राप्त कर दिशानिर्देश दिया गया। इस दौरान एसडीएम अजीत परेस, एसडीओ, वन क्षेत्राधिकारी समेत अन्य मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें -दिव्यांग बच्चों की 'हौसला' प्रतियोगिता का समापन, मंत्री नरेंद्र कश्यप ने विजेताओं को किया सम्मानित
