बरेली: पुलिस वाला बनकर शाहजहांपुर के युवक से लूटे 2.5 लाख रुपये
बरेली,अमृत विचार। बियावान कोठी के पास रविवार देर रात कुछ लोगों ने पुलिस वाला बनकर शाहजहांपुर के एक गांव के युवक से 2.5 लाख रुपये लूट लिए। लुटेरों द्वारा की गई वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई। पीड़ित ने थाना बारादरी में शिकायत की है। शाहजहांपुर जिले के थाना मीरानपुर कटरा के गांव खड़खड़ी निवासी …
बरेली,अमृत विचार। बियावान कोठी के पास रविवार देर रात कुछ लोगों ने पुलिस वाला बनकर शाहजहांपुर के एक गांव के युवक से 2.5 लाख रुपये लूट लिए। लुटेरों द्वारा की गई वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई। पीड़ित ने थाना बारादरी में शिकायत की है।
शाहजहांपुर जिले के थाना मीरानपुर कटरा के गांव खड़खड़ी निवासी वीरेन्द्र ने बताया कि वह बरेली में डोहरा मोड़ पर किराये के मकान में रहकर प्रापर्टी डीलिंग का काम करते हैं।
रविवार को वीरेन्द्र बदायूं रोड पर अपने एक मित्र के पास एक जमीन का सौदा करने के लिए गए थे। बयाना देने के लिए उनके पास 2.5 लाख रुपये थे। वापस आते वक्त बियावान कोठी के पास उनकी कार में एक ट्रक ने टक्कर मार दी। जिस पर विवाद हो गया। इसी दौरान एक बाइक व स्कूटी पर सवार पांच युवक वहां पहुंचे और स्वयं को पुलिस वाला बताया।
एक युवक ने उनसे कार की चाबी ले ली और जबरन कार को सड़क से हटाने लगा। इसी दौरान उन्होंने कार में रखे 2.5 लाख रुपये निकाल लिए। इसको लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। वीरेन्द्र ने बताया कि वह अकेले थे, इसलिए विरोध नहीं कर पाए। पांचों आरोपी रुपये लेकर फरार हो गए। उन्होंने पूरी वारदात अपने परिचितों को बताई साथ ही थाना बारादरी में सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस काफी देर तक लोगों से पूछताछ करती रही। लेकिन पुलिस ने उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
पीड़ित ने पुलिस को सौंपा प्रमाण
लूट की वारदात के बाद जब पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की तो पीड़ित वीरेन्द्र ने कैमरे में कैद हुई वारदात पुलिस को दिखाई। पुलिस ने वीरेन्द्र से तहरीर ले ली है। हालांकि खबर लिखे जाने तक बारादरी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
पुलिस मामले की जानकारी कर रही है। तहरीर मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। -शितांशु कुमार शर्मा, इंस्पेक्टर बारादरी
